तबादले के बाद भी मलाईदार पंचायतों से नहीं छूट रहा मोह, सचिव और रोजगार सहायक लगे “जुगाड़” में
तहसील रिपोर्टर बहरी जिला सीधी,
अरविंद द्विवेदी की रिपोर्ट,7879126191,
मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ग्राम पंचायत सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों का स्थानांतरण आदेश जारी किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता लाना एवं भ्रष्टाचार पर नियंत्रण स्थापित करना है।
लेकिन इस तबादला प्रक्रिया के बाद कुछ सचिव एवं रोजगार सहायक अपनी जमी-जमाई और मलाईदार ग्राम पंचायतों से विदा लेने को तैयार नहीं हैं। वे नए पदस्थापित ग्राम पंचायतों में जाने की बजाय अपने-अपने स्तर पर स्थानांतरण रोकने की कोशिशों में लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार कुछ कर्मचारी उच्चाधिकारियों तक अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं तो कुछ जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जुगाड़ लगाने में व्यस्त हैं। यह रवैया शासन के स्थानांतरण नीति और उद्देश्य दोनों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
हालांकि विभागीय स्तर पर यह स्पष्ट निर्देश है कि सभी को नियमानुसार स्थानांतरण स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है, लेकिन कुछ कर्मियों की हठधर्मिता प्रशासन के लिए चुनौती बनती जा रही है।
अब देखना यह होगा कि शासन इस मामले में कितनी सख्ती दिखाता है और क्या वास्तव में पारदर्शिता की दिशा में उठाए गए कदम को अमल में ला पाता है या फिर यह भी केवल आदेशों तक ही सीमित रह जाएगा।