मानसून से पहले गोरियरा बांध में आपदा राहत प्रशिक्षण, SDERF ने दी बाढ़ बचाव की तकनीकी ट्रेनिंग,

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,
सीधी जिले के गोरियरा बांध में मंगलवार को राज्य आपदा मोचन बल (SDERF) द्वारा विशेष आपदा राहत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगामी मानसून को देखते हुए संभावित अतिवृष्टि और बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए यह प्रशिक्षण प्रशासन के निर्देश पर किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि बाढ़ की स्थिति में कैसे रस्सियों से घेरा बनाकर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही नदी-नालों के जलस्तर बढ़ने पर ऊंचाई वाले स्थानों पर शरण लेने की रणनीति समझाई गई।
गांवों में पानी भर जाने की स्थिति में टायर ट्यूब व अन्य तैरने वाले साधनों का उपयोग कैसे किया जाए, इसकी भी जानकारी दी गई। कर्मियों को वास्तविक परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन का अभ्यास कराया गया, जिसमें प्राथमिक चिकित्सा और जीवनरक्षक तकनीकों का भी प्रशिक्षण शामिल था।
प्लाटून कमांडर श्री तिवारी ने मीडिया से कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि आपदा की घड़ी में तत्काल और प्रभावी बचाव कार्य संभव हो सके। वहीं अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार का प्रशिक्षण न केवल कर्मचारियों बल्कि स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी बेहद आवश्यक है।
इस प्रशिक्षण से क्षेत्र में संभावित आपदा के समय जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।