सेमरिया में दरिंदगी: प्रेम प्रस्ताव ठुकराने पर चाचा ने भतीजी पर किया बर्बर हमला, धारदार हथियार से किया जख्मी

0 675

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट,,

सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार सुबह करीब 5 बजे दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। प्रेम संबंध में इनकार करने पर नाराज़ प्रेमी चाचा ने अपनी ही भतीजी पर बर्बर हमला कर दिया। युवती का चेहरा नाखूनों से नोच डाला, हाथ मरोड़ कर तोड़ दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया, और धारदार हथियार से कान पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार, युवती का दो वर्षों से चाचा के साथ प्रेम संबंध था। रविवार सुबह वह अपने घर के पीछे चाचा से मिलने गई थी, जहाँ आरोपी ने साथ भागने का दबाव बनाया। मना करने पर वह हिंसक हो गया और युवती की बेदम पिटाई कर दिया। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

परिजनों ने बताया कि घर के पीछे से चीख-पुकार की आवाज सुनकर वे भागे और देखा कि बेटी खून से लथपथ बेसुध पड़ी थी। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहाँ डॉक्टर नदारद थे। नर्स द्वारा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों का आरोप है कि सेमरिया थाने में रिपोर्ट लिखाने पर पहले इलाज की सलाह दी गई, बाद में पुलिस अस्पताल पहुंची और बयान दर्ज किए।

सेमरिया थाना प्रभारी पुष्पेंद सिंह ने मीडिया को बताया कि पीड़िता के बयान जिला अस्पताल में दर्ज किए गए हैं और आरोपी के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की बात कही है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment