1 साल से वेतन से वंचित प्रियंका स्व सहायता समूह, बहरी पीएचसी में प्रसव सेवा ठप

0 553

1 साल से वेतन से वंचित प्रियंका स्व सहायता समूह, बहरी पीएचसी में प्रसव सेवा ठप।

सीधी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी में जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को भोजन, चाय-नाश्ता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी प्रियंका स्व सहायता समूह को सौंपी गई थी। समूह ने 8 जून 2024 से 31 मार्च 2025 तक लगातार सेवा दी, मगर आज तक उन्हें एक माह का भी भुगतान नहीं किया गया है।

गौरतलब है कि समूह का अनुबंध 31 मार्च 2025 को समाप्त हो गया है, और इसके बाद से अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को कोई भी भोजन अथवा चाय-नाश्ता उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। यह स्थिति न केवल मरीजों के लिए असुविधाजनक है, बल्कि राज्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर भी सवाल खड़े करती है।

समूह संचालक का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से भुगतान की मांग की, मगर हर बार यह कहकर टाल दिया गया कि “बजट नहीं है, राज्य से बजट आते ही भुगतान होगा।” हैरानी की बात यह है कि जिले के अन्य स्थानों पर काम करने वाले समूहों को समय पर भुगतान कर दिया गया है, लेकिन बहरी पीएचसी के कर्मचारियों को 12 माह से एक भी पैसा नहीं मिला।

इस भुगतान न होने के कारण समूह से जुड़े रसोइयों और अन्य कर्मचारियों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। न तो वे अस्पताल की सेवा सुचारू रूप से दे पा रहे हैं और न ही अपने घर-परिवार की जरूरतें पूरी कर पा रहे हैं।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस मामले को संज्ञान में लेते हैं और कब तक बहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को भोजन और चाय-नाश्ता मिलना फिर से शुरू होगा।

 

 

—

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment