केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी में पूर्व छात्र सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

जमुना-कोतमा (नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा) केंद्रीय विद्यालय संगठन हर वर्ष पूर्व छात्रों का सम्मेलन एलुमनी मीट के रूप में आयोजित करता रहा है । इसी क्रम में 03 मई2025 को केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में प्रथम पूर्वछात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से 1989-2000 बैच के पूर्व छात्रों ने प्रतिभाग किया। सभी छात्र वर्तमान मे देश-विदेश में अपने-अपने क्षेत्र, प्रशासनिक, बैंकिंग , समाज सेवा, व्यापार, शिक्षा, राजनीति, कृषि, सेना आदि में कर्त्तव्य निर्वहन से देश निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर एस शुक्ला भूतपूर्व शिक्षक केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अजीत सिंह तोमर सीनियर मैनेजर तथा अरविंद राय कार्मिक प्रबंधक एसईसीएल उपस्थित रहे।
सर्वप्रथम तिलक के साथ पुष्पहार पहनाकर भूतपूर्व छात्रों का स्वागत स्काउट और गाइड के छात्रों द्वारा किया गया । प्राचार्य द्वारा अतिथियों को पुष्पगुच्छ से सम्मानित किया गया। प्राचार्य मनोज कुमार ने स्वागत भाषण के साथ विद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित किया। प्राथमिक विभाग के नन्हे-मुन्ने छात्रों ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत और नृत्य से सभी का मन मोह लिया । इसके उपरांत भूतपूर्व छात्रों ने अपने विद्यालयीन जीवन के अनुभव को भावुकता के साथ साझा करते हुए वर्तमान छात्रों को प्रेरित किया । साथ ही भूतपूर्व छात्रों ने विद्यालय के वर्तमान शिक्षकों को साल और श्रीफल से सम्मानित किया। विद्यालय में इन छात्रों हेतु विभिन्न प्रकार के खेल आयोजन भी कराए गए जिन्हें खेलकर सभी की बचपन यादें ताजा हो गईं ।अंत मे राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ जिसमें समस्त विद्यालय परिवार का योगदान रहा।