भ्रष्टाचार के चलते नहर टूटने से जवा क्षेत्र के कई गांव जल प्लावन का शिकार बने

प्राइड इंडिया न्यूज़ रीवा से
संवाददाता शिबेन्द सिंह की रिपोर्ट
नहर टूटने पर पानी के दबाव का बहाना , भ्रष्टाचार को छिपाना : अजय खरे
रीवा 2 अगस्त। बुधवार की रात्रि में अचानक नहर का तटबंध टूटने से जिले के जवा क्षेत्र में रमगढ़वा मोहनिया भिटौहा तोमरनपुर्वा बरहुला गगनहवा लबरपुर्वा ब्रम्हना आदि कई गांवों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। समता संपर्क अभियान के राष्ट्रीय संयोजक लोकतंत्र सेनानी अजय खरे ने कहा है कि मिनी बाणसागर की इस मुख्य नहर को बनाने में यदि गुणवत्ता का ध्यान रखा जाता तो यह नौबत नहीं आती। कुल मिलाकर नहर निर्माण में हुए भ्रष्टाचार के चलते यह संकट सामने आया है। अधिकारियों के द्वारा बचाव में यह कहां जा रहा है कि पानी के दवाब के कारण नहर फूट गई। श्री खरे ने कहा कि पानी का पर्याप्त दबाव सहने के हिसाब से ही नहर का निर्माण किया जाता है। पानी का दबाव का बहाना बनाना सरासर गलत है। दरअसल भ्रष्टाचार के चलते गुणवत्ता को नजर अंदाज किया गया। नहर फूटने से कई गांवों में जल प्लावन की स्थिति निर्मित हो गई। जिस क्षेत्र में कभी बाढ़ नहीं आई वहां नहर फूटने के कारण हुए जल भराव से दर्जनों कच्चे घर गिर गए। हालांकि जन हानि नहीं हुई लेकिन आर्थिक रूप से किसानों और गरीब वर्ग के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में जल भराव से फसल भी चौपट हुई है। प्रदेश सरकार से मांग की गई है कि जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए। प्रभावित ग्रामीण लोगों को खेती और घरेलू सामान से संबंधित हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के साथ गिर गए कच्चे घरों की जगह पक्के घर बनाकर दिए जाएं।