सकारात्मक वातावरण में लोकतंत्र के पर्व में सहभागिता करें – रिटर्निंग ऑफिसर

0 2,081

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी से शाहिद खान 6264877120

प्रेक्षकों की उपस्थिति में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा अभ्यर्थियों के साथ बैठक संपन्न

सभी अभ्यर्थी निर्वाचन की आचार संहिता का पालन करें – सामान्य प्रेक्षक

निर्वाचन व्यय की जानकारी निर्धारित प्रारूप और समय पर उपलब्ध कराएं – व्यय प्रेक्षक

लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी के लिए अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित होने के पश्चात रिटर्निंग ऑफिसर स्वरोचिष सोमवंशी, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक अभिषेक कृष्णा (आईएएस) तथा व्यय प्रेक्षक नमिता पटेल (आईआरएस) की उपस्थिति में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा लोकसभा निर्वाचन के अभ्यर्थियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर श्री सोमवंशी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों के विषय में अवगत कराया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता की अपील की गई। श्री सोमवंशी ने कहा कि सभी अभ्यर्थी एक सकारात्मक वातावरण में लोकतंत्र के पर्व में सहभागिता करें। आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों तथा विहित प्रक्रियाओं का पालन करें। किसी भी प्रकार का संदेह होने पर जिलास्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 07822-252315 तथा 1950 के माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सामान्य प्रेक्षक अभिषेक कृष्णा ने कहा कि सभी उम्मीदवार निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव की आदर्श संहिता का पालन करें। निर्वाचन आयोग पूरी पारदर्शिता के साथ शांतिपूर्वक निर्वाचन संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान यदि किसी तरह की कठिनाई होती है तो उसे रिटर्निंग आफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अथवा प्रेक्षक को अवगत कराएं। आपकी कठिनाई दूर की जाएगी। उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन के लिए विहित प्रक्रियाओं का स्पष्ट उल्लेख किया गया है। इनका पालन सभी के लिए अनिवार्य है। इसका पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेक्षकों की नियुक्ति की जाती है। इसलिए किसी भी प्रकार के नियमों के उल्लंघन पर वह नियुक्त प्रेक्षकों के संज्ञान में जानकारी ला सकते हैं तथा अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

व्यय प्रेक्षक नमिता पटेल ने कहा कि सभी अभ्यर्थी निर्वाचन व्यय की जानकारी निर्धारित प्रारूप और समय पर उपलब्ध कराएं। आयोग द्वारा प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए 95 लाख रुपये की व्यय सीमा निर्धारित की गई है, इस सीमा के अंदर ही राशि का व्यय करना सुनिश्चित करें। सभा, रैली तथा जुलूस प्रशासन से अनुमति लेने के बाद ही निकालें। वाहनों तथा लाउडस्पीकर का उपयोग अनुमति लेकर ही करें। निजी घरों में मकान मालिक की लिखित अनुमति के बाद ही प्रचार सामग्री लगाएं। विधि सम्मत चुनाव प्रचार में किसी तरह की रोक नहीं है। निर्धारित तिथि में चुनाव खर्च का विवरण अनिवार्य रूप से व्यय लेखा टीम को उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही, मास्टर ट्रेनर्स डॉ अरविंद कुमार त्रिपाठी, डॉ के बी सिंह तथा डॉ दिलीप सोनी द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर नीलेश शर्मा, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर प्रिया पाठक सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा लोकसभा निर्वाचन के अभ्यर्थी एवं उनके प्रतिनिधि तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment