कलेक्टर ने असमय बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण फसल नुकसान का किया अवलोकन

राजस्व, कृषि तथा पंचायत विभाग के संयुक्त दल से फसल नुकसान का आंकलन करने के दिए निर्देश

0 2,566

संवाददाता, रानू पाण्डेय की रिपोर्ट सीधी

पशुधन हानि तथा घरों के नुकसान के राहत प्रकरण बनाने के दिए निर्देश

सीधी 14 फरवरी 2024
कलेक्टर साकेत मालवीय द्वारा जिले में विगत दिनों असमय बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों में संभावित नुकसान का आंकलन करने के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। साथ ही पशुधन नुकसान तथा घरों में हुए नुकसान का आंकलन करने के भी निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने एक दिवस के अंदर प्रारंभिक आंकलन तथा तीन दिवस के अंदर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्री मालवीय ने आज तहसील गोपद बनास के ग्राम तेगवा, सिरसी एवं बरंबाबा का भ्रमण कर असमय बारिश एवं ओलावृष्टि के कारण हुए फसल नुकसान का अवलोकन किया। इस दौरान कलेक्टर ने किसान भाइयों से चर्चा भी की तथा आश्वस्त किया है कि फसल नुकसान का पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सर्वे कार्य कर आंकलन किया जाएगा तथा शासन के नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। कलेक्टर ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग तथा पंचायत विभाग के अधिकारियों का संयुक्त दल गठित कर फसल नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि सर्वे में कोई लापरवाही न हो, सर्वे ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ हो और प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत मिले। इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी किसान का खेत सर्वे से न छूटे। कलेक्टर ने ऐसे व्यक्तियों की जानकारी भी संकलित करने के निर्देश दिए हैं जिन्होंने जमीन किराए पर लेकर वास्तविक रूप से किसानी का कार्य किया है। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की स्थिति पर सतत निगरानी रखें तथा किसानों से नियमित संवाद बनाकर रखें जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा या भटकाव नहीं हो।

भ्रमण के दौरान उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, तहसीलदार जान्हवी शुक्ला, सीईओ जनपद पंचायत अशोक तिवारी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपर कलेक्टर ने तहसील रामपुर नैकिन के गांवों का किया भ्रमण

अपर कलेक्टर राजेश शाही द्वारा तहसील रामपुर नैकिन क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ममदर में ओला वृष्टि से प्रभावित फसलों का ग्रामीणों की उपस्थिति में मौका निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर ने राजस्व महाअभियान के तहत ग्राम झलवार एवं ममदर में सीएससी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएससी प्रभारी को ई-केवाईसी करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही ग्रामीणों को ई-केवाईसी करने हेतु प्रेरित किया गया। भ्रमण के दौरान तहसीलदार नितिन कुमार झोड़ एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

समाचार क्रमांक 52-236 फोटो क्रमांक 79-82
—————–

सहायक आयुक्त ने किया आश्रम शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के दिशा निर्देश पर

सीधी 14 फरवरी 2024
सोमवार को सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी डॉ डी के द्विवेदी द्वारा आश्रम शाला कोचिला एवं आश्रम शाला गांधी ग्राम का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। आश्रम शाला कोचिला में प्रधानाध्यापक मंगलेश्वर सिंह, अधीक्षिका रुचि मिश्रा के अतिरिक्त विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित मिले। सहायक आयुक्त डाॅ द्विवेदी द्वारा कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्राओं के बौद्धिक स्तर का पता लगाया गया। छात्राओं के शैक्षणिक एवं बौद्धिक स्तर में सुधार का निर्देश दिया गया।

इसके पश्चात सहायक आयुक्त द्वारा आश्रम शाला का भौतिक वातावरण, शयन कक्ष, भोजनालय, बाथरूम एवं कैंपस का विधिवत निरीक्षण किया गया। छात्राओं से पृथक से बात भी की गई तथा उनको आश्रम में मीनू के अनुसार भोजन दिए जाने, समय से कक्षाओं का संचालन आदि के संबंध में चर्चा की गई। छात्राओं ने बताया कि उन्हें मीनू के अनुसार भोजन दिया जाता है तथा छात्रावास में किसी प्रकार की कोई असुविधा नहीं है।

सहायक आयुक्त द्वारा अधीक्षक को आश्रम शाला में निवास करने, मीनू के अनुसार भोजन देने, आश्रम की व्यवस्था उत्कृष्ट करने तथा कैम्पस को साफ सुथरा रखने का निर्देश दिया गया। इसके पश्चात आश्रम शाला गांधी का निरीक्षण किया गया, जहां पर आश्रम शाला के प्रधानाध्यापक छठिलाल साकेत, अधीक्षिका कांति वर्मा सहित सभी शिक्षक तथा शत प्रतिशत छात्राएं उपस्थित थीं। सहायक आयुक्त द्वारा गांधी ग्राम में मध्यान्ह भोजन का भी निरीक्षण किया गया। आश्रम शाला गांधी ग्राम कैंपस की बेहतर गार्डेनिंग तथा सुसज्जित वातावरण की सराहना की गई।

सहायक आयुक्त ने बताया कि छात्रावासों की निगरानी एवं कुशल प्रबंधन के लिए कलेक्टर महोदय के निर्देश पर सीसीटीवी कैमरा लगवाया जा रहा है। आश्रम शाला कोचिला में अधीक्षक द्वारा लगवाए गये सीसीटीवी कैमरे का भी निरीक्षण किया गया।

समाचार क्रमांक 53-237 फोटो क्रमांक 83, 84
—————–

जिला स्तरीय पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ कन्ट्रोल रूम का गठन किया गया

सीधी 14 फरवरी 2024
कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड सीधी ने आदेश जारी कर ग्रीष्म ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सीधी जिले के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में सतत् शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं ग्रामीणों से पेयजल समस्याओं के संबंध में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु दूरभाष क्रमांक 07822 292508 पर जिला स्तरीय पेयजल समस्या निवारण प्रकोष्ठ कन्ट्रोल रूम का गठन किया है।

जारी आदेशानुसार कन्ट्रोल रूम में शिवशंकर पाण्डेय मानचित्रकार प्रकोष्ठ प्रभारी मो. 9893479009, योगेन्द्र प्रसाद मिश्र सहायक मानचित्रकार प्रकोष्ठ सहायक मो. 8964806154 एवं मुद्रिका प्रसाद त्रिपाठी आउट सोर्स पी.एम.यू. स्टाफ प्रकोष्ठ सहायक मों 9755832314 की ड्यूटी सुबह 09 बजे से शायं 06 बजे तक, प्रेमलाल गुप्ता प्रकोष्ठ सहायक मों. 9993325316 की ड्यूटी शायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक एवं सुबह 06 बजे से सुबह 10 बजे तक तथा रामखेलावन केवट प्रकोष्ठ सहायक मो. 6264454252 की ड्यूटी रात्रि 10 बजे से सुबह 06 बजे तक के लिए ड्यूटी लगाई गई है।

समाचार क्रमांक 54-238
—————–

संजय गांधी महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई

सीधी 14 फरवरी 2024
उच्च शिक्षा संचालनालय के आदेशानुसार तथा प्राचार्य संजय गांधी स्मृति शासकीय स्वशासी महाविद्यालय सीधी के निर्देशानुसार मतदाता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को निष्पक्ष मतदान करने संबंधी जानकारी प्रसारित करने के साथ-साथ मतदाता शपथ भी दिलायी गई। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के डॉ. रविन्द्र नाथ सिंह (क्रीड़ा अधिकारी), डॉ. वाय. पी. साहू (गणित), डॉ. राजेश विश्वकर्मा (वाणिज्य), डॉ. सचिदानंद तिवारी (रसायन), डॉ. प्रमोद कुमार सिंह (पर्यटन) एवं डॉ. के. के. पटेल (समाजशास्त्र) आदि सभी प्राध्यापकों, अतिथि विद्वानों का सहयोग प्राप्त हुआ।

समाचार क्रमांक 55-239 फोटो क्रमांक 85, 86
—————–

ज्ञानोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 18 फरवरी को

सीधी 14 फरवरी 2024
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी द्वारा जानकारी देकर बताया गया कि शासकीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024- 25 में कक्षा छठवीं में प्रवेश हेतु प्रवेश परीक्षा दिनांक 18 फरवरी 2024 को प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र विभागीय वेबसाइट एमपीटास डच्ज्।।ै के माध्यम से किसी भी कियोस्क सेंटर या किसी भी कंप्यूटर से निकाला जा सकता है। सीधी जिले में परीक्षा केंद्र शासकीय उत्कृष्ट उमावि क्रमांक 1 सीधी को बनाया गया है, जहां पर 39 परीक्षार्थी प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित होंगे। उनका अनुक्रमांक 2460 260001 से 24 60 260039 है। अगर किसी छात्र-छात्रा को किसी भी प्रकार की कोई समस्या हो तो कार्यालय सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सीधी में संपर्क करके प्रवेश पत्र एवं परीक्षा के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

समाचार क्रमांक 56-240
—————–

ब्रेस्ट कैंसर एवं मुख कैंसर के परीक्षण के लिए 15 एवं 17 फरवरी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शिविरों का किया जाएगा आयोजन

24 एवं 25 फरवरी को इंदौर कैंसर फाउण्डेशन के चिकित्सक संभागीय मुख्यालय में करेंगे जांच

सीधी 14 फरवरी 2024
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देकर बताया है कि संभागीय मुख्यालय रीवा में दिनांक 24 एवं 25 फरवरी तथा शहडोल संभाग में दिनांक 26 फरवरी 2024 को इंदौर कैंसर फाउण्डेशन के चिकित्सक डाॅ. दिग्पाल धारकर एवं उनकी टीम द्वारा ब्रेस्ट कैंसर एवं मुख कैंसर के मरीजों का परीक्षण कर परामर्श एवं उपचार किया जा रहा है। जिस तारतम्य में दिनांक 14 से 19 फरवरी तक उप स्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ एण्ड वेलनेस सेन्टर, पीएचसी, संजीवनी क्लीनिक, सीएचसी, जिला चिकित्सालय में संभावित मरीजों के चिन्हाकन हेतु परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होने बताया कि 15 एवं 17 फरवरी 2024 को एम.ओ, सी.एच.ओ. एवं ए.एन.एम., एम.पी. डब्ल्यू द्वारा उप स्वास्थ्य केन्द्र, हेल्थ वेलनेस सेन्टर तथा पी.एच.सी. में मुख कैंसर एवं ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों का परीक्षण किया जायेगा। इसी प्रकार 18 एवं 19 फरवरी 2024 को केवल ग्राम स्तर से रेफर मरीजों का परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया जाएगा। 19 फरवरी 2024 को केवल शहरी क्षेत्र से रेफर मरीजों का परीक्षण जिला चिकित्सालय में किया जायेगा।

शिविरों का आयोजन

सीएमएचओ ने बताया कि 18 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया, सिहावल तथा कुसमी में एवं 19 फरवरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली, रामपुर नैकिन तथा जिला चिकित्सालय में शिविर का आयोजन किया गया है। दिनांक 18 फरवरी 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सेमरिया में डाॅ. राजेश कोल एवं डाॅ. रश्मि सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सिहावल में डाॅ. सर्सिस सिंह परिहार एवं डाॅ. स्वाती सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुसमी में डाॅ. हरिओम सिंह सेंगर एवं डाॅ. अनुराग पाल की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार दिनांक 19 फरवरी 2024 को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मझौली में डाॅ. राजेश कोल एवं डाॅ. सतेन्द्र शुक्ला, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रामपुर नैकिन में डाॅ. प्रतीक प्रजापति एवं डाॅ. माधुरी उइके तथा जिला चिकित्सालय सीधी में डाॅ. हरिओम सिंह सेंगर, डाॅ. सर्सिस सिंह परिहार, डाॅ. अनुराग पाल एवं डाॅ. स्वाती सिंह की ड्यूटी लगाई गई है।

मुख कैंसर के लक्षण

ओंठ व मुख पर न ठीक होने वाले घाव, मुख में दर्द या भोजन निगलने में कठिनाई, ओंठ, चेहरा, गर्दन या ठोड़ी सुन्न हो जाना, जबड़ा व जीभ में दर्द एवं कठोरता, मुख से खून आना, अचानक से वजन का घटना, मुख या ओंठ में सफेद धब्बा या परत हो जाना, दांत छीले हो जाना एवं गर्दन में अचानक गांठ हो जाना।

ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण

स्तन के आकार, आकृति एवं रूपरेखा में अचानक बदलाव होना, स्तन में गांठ का होना जो मटर के दाने से छोटी हो सकती है, स्तन के पास गांठ होना, स्तन या निप्पल की त्वचा के रंग में बदलाव लाल, बैगनी या गहरा रंग होना, निप्पल से खून या तरल पदार्थ का स्त्राव होना एवं स्तन या निप्पल में घाव होना जो दो सप्ताह से ज्यादा समय से ठीक न हो रहा हो।

सीएमएचओ ने अपील की है कि उक्त लक्षण वाले व्यक्ति अपनी जांच अवश्य करायें। उपरोक्त शिविरों में परीक्षण उपरान्त संभावित मरीजों को संभागीय मुख्यालय रीवा के लिये रेफर किया जायेगा। मुख कैंसर के संभावित मरीजों को पीले रंग के रेफरल कार्ड एवं ब्रेस्ट कैंसर के संभावित मरीजों को गुलाबी रंग के रेफरल कार्ड के माध्यम से रेफर कर दिनांक 24 एवं 25 फरवरी को इंदौर कैंसर फाउण्डेशन के चिकित्सक डाॅ. दिग्पाल धारकर एवं उनकी टीम द्वारा ब्रेस्ट कैंसर एवं मुख कैंसर के मरीजों का परीक्षण कर परामर्श एवं उपचार किया जायेगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment