शिक्षा जागरण दिवस के रूप में मनायी गयी भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयन्ती।

पटना, 3 जनवरी: भारत जोड़ो अभियान,ए आई एस एफ, अम्बेडकर विचार मंच एवं एन ए पी एम के संयुक्त तत्वावधान में भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले की जयन्ती शिक्षा जागरण दिवस के रुप में दरियापूर गोला राधेकृष्णा मन्दिर के निकट मनाया गया। सर्वप्रथम सावित्रीबाई फुले के तैल चित्र पर पुष्पांजली अर्पित किया गया।तत्पश्चात शिक्षा के अधिकार और सावित्रीबाई फुले के संघर्ष पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। परिचर्चा की अध्यक्षता विश्वविद्यालय- महाविद्यालय कर्मियों के नेता मो. कैसर एवम् संचालन ए आई एस एफ के पूर्व नेता जितेन्द्र कुमार ने किया।परिचर्चा में अपनी बात रखते हुए सीपीआई के जिला सचिव कॉ. विश्वजित कुमार ने कहा कि सावित्री बाई फुले को याद करना आज जरूरी हो जाता है जब आज वंचित समाज,आमजन एवं महिलाओं को शिक्षा से वंचित करने की साजिश हो रही है क्योंकि शिक्षा दुनिया को देखना व दुनिया में चलना सिखाती है। शिक्षा आमजनों का हथियार है। इसलिए ही आज शिक्षा का जानबूझकर बंटाधार किया जा रहा है और इसे बर्बाद कर देश के अन्दर समाजिक सदभाव और भाईचारा का माहौल बिगाड़ने का प्रपंच किया जा रहा है। इसलिए आज सावित्रीबाई फुले के साथ फातिमा शेख को भी याद करना चाहिए। प्रसिद्ध रंगकर्मी मोना झा ने कहा कि जिस जमाने में महिलाओं को घर से निकलना मुश्किल था उस जमाने में सावित्री बाई फुले ने घोर विरोध का सामना करते हुए न सिर्फ खुद शिक्षा ग्रहण किया बल्कि महिलाओं के लिये स्कूल खोला, विधवाओं के लिये आश्रम भी खोले। पूर्व नगर पार्षद मोहन प्रसाद ने सावित्रीबाई फुले द्वारा किये गये संघर्ष को याद करते हुए कहा की मनुवादियों के घोर विरोध के बावजुद सावित्री बाई फुले ने हार नहीँ मानी और महीलाओं के लिये एक मिशाल कायम किया। एन ए पी एम के ऋषी आनन्द ने कहा कि आज समाज के वो वर्ग जो शिक्षा से वंचित है उसके लिये संघर्ष कर शिक्षा का समुचित प्रबन्ध करवाना ही सावित्रीबाई फुले को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। परिचर्चा में मशाएल उर्दू के सम्पादक गुलाम सरवर आजाद, ट्रेड यूनियन नेता अनन्त शर्मा, पटना नगर निगम कर्मी के नेता मांगल पासवान, समाजवादी डॉक्टर महबूब आलम,ए आई एस एफ के पटना जिला अध्यक्ष तौशिक आलम, जद यू के सँजय कुमार, अम्बेडकर विचार मँच के देवरत्न प्रसाद, उदयन राय ने भी अपनी बात रखी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन अनुप सिन्हा ने किया।