विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मतदान दिवस एवं मतगणना दिवस शुष्क दिवस घोषित

प्राइड इंडिया न्यूज़ हर सच जो आप जानना चाहें
विधानसभा निर्वाचन 2023
15 से 17 नवंबर तथा 03 दिसंबर को मदिरा का क्रय, विक्रय रहेगा प्रतिबंधित
विधानसभा निर्वाचन 2023 मतदान दिनांक 17.11.2023 एवं मतगणना दिनांक 03.12.2023 को निर्धारित है। निष्पक्ष एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराये जाने के उदे्श्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार लोक प्रतिनिधि अधिनियम 1951 की धारा 135 ग अनुसार जिले में लिकर एवं किंण्वित मदिरा या इसी तरह का अन्य कोई मादक द्रव्य देशी मदिरा, विदेशी मदिरा, बियर आदि का क्रय, विक्रय, वितरण एवं परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित करने हेतु निर्देश प्राप्त हुए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी साकेत मालवीय द्वारा आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेशानुसार सीधी जिले के चारों विधानसभा क्षेत्र 76 चुरहट, 77 सीधी, 78 सिहावल एवं 82 धौहनी के अंतर्गत आने वाली समस्त कम्पोजिट मदिरा स्टोरेज वेयर हाउस पूर्णतः बंद रखे जाने के लिए मतदान समाप्ति दिनांक 17.11.2023 को सायंकाल 06 बजे के 48 घण्टे पूर्व अर्थात दिनांक 15.11.2023 को सायंकाल 06 बजे से दिनांक 17.11.2023 शायं 06 बजे या मतदान समाप्ति तक के लिए तथा मतगणना दिनांक 03.12.2023 को सम्पूर्ण दिवस के लिए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 24 की उपधारा (1) के अंतर्गत जिले की समस्त मदिरा दुकानें उक्त तिथियों में बंद रखे जाने हेतु शुष्क दिवस घोषित किया गया है।
शुष्क दिवस के अवसर पर मदिरा का क्रय, विक्रय पूर्ण रूप से निषेधित रहेगा। इन शुष्क दिवसों के दौरान किसी भी प्रकार की मदिरा दुकानें एवं अन्य मदिरा केन्द्र खुली पाये जाने व मदिरा का क्रय-विक्रय वितरण करतेे पाये जाने पर संबंधित के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जावेगी। कलेक्टर ने आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)