भीड़ जुटा पाने में सफल नहीं हो पाई सरकार!काम के दावों की खुल रही है पोल,सरकारी अस्पताल की व्यवस्था सुधार नहीं रहे, मेडिकल कॉलेज का लॉलीपॉप-देवेंद्र सिंह दादू

रिपोर्ट-नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी- मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस जिला इकाई सीधी के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू ने मुख्यमंत्री के दौरे पर जारी वक्तव्य में कहा कि मुख्यमंत्री का रोड शो और सीधी जिले का कार्यक्रम पूरी तरीके से फ्लॉप शो रहा है। सभी सरकारी तंत्रो का प्रयोग करने के बाद भी प्रशासन भीड़ नहीं जुटा पाया। प्रशासन के दबाव में सरकारी तंत्रो ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी लेकिन सीधी की जनता ने भाजपा को करारा जवाब दिया है। हर तरफ केवल सरकारी कर्मचारी ही दिखाई दे रहे थे जनता ने विकास के ढोंग को पूरी तरीके से नकार दिया है। जब चुनाव आता है तो जनता की याद आने लगती है और ये कुछ न कुछ नया इवेंट लेकर आते हैं!
मुख्यमंत्री यहां भूमि पूजन करने आते हैं हर बार कोई नया इवेंट लेकर के आएंगे और बाद में वादे पूरा करना भूल जाते हैं। वर्तमान समय में भी भाजपा केवल इवेंट मैनेजमेंट का काम कर रही है प्रत्येक चुनाव में इनका एक नया एजेंडा तैयार रहता है और चुनाव होने के बाद भूल जाते हैं। पिछले चुनाव में भी रेल मंत्री द्वारा रेलवे स्टेशन का भूमि पूजन, शिलान्यास कराया गया था लेकिन आज तक सीधी का रेलवे स्टेशन नहीं बन पाया है ट्रेन आना तो दूर की बात है। अगर हम सीधी का रेलवे स्टेशन देखें तो विकास के दावों की पोल पूरी तरीके से खुली हुई नजर आती है। सीधी की जनता को भाजपाई मूर्ख ना समझे इस बार जनता गलती नहीं करेगी।
मेडिकल कॉलेज भी एक लॉलीपॉप है। सरकारी अस्पताल में इलाज के अभाव में जिलेवासी अपने इलाज के लिए जिले से बाहर जा रहे हैं, गर्भवती महिलाओं की लगातार मृत्यु हो रही है, जच्चा-बच्चा सुरक्षित नहीं है, अवैध क्लीनिक संचालित हैं डॉक्टर अस्पताल में इलाज नहीं करते क्लीनिक में पाए जाते हैं। यदि भाजपा की सरकार वास्तव में सीधी का विकास चाहती है तो जिला चिकित्सालय के व्यवस्था को दुरुस्त करें यहां डॉक्टरों को उपलब्ध करायें, बेहतरीन इलाज मुहैया कराए, ऑपरेशन थिएटर शुरू करें,एक्स-रे मशीन का पूर्ण तरीके से संचालन करवायें, एक्स-रे हो जाता है लेकिन फोटो मोबाइल में खींची जाती है रिपोर्ट तक जारी नहीं होती तब यह समझा जाएगा कि भाजपा वास्तव में विकास करना चाहती हैं। टारगेट देकर भीड़ की प्रतिपूर्ति नहीं की जा सकती। अब जनता भाजपा के कार्यक्रम में जाने से कतराती है क्योंकि उसे पता है कि ये केवल घोषणा वीर है कर्मवीर नहीं है। हम बात करें कानून व्यवस्था की तो लगातार जिले में आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं नशे का कारोबार गली-गली में फैल रहा है चोरी की वारदातों से लोग परेशान हैं लेकिन पुलिस प्रशासन का इस पर कोई ध्यान नहीं है। आम जनता परेशान है। वर्षा ना होने से कृषि प्रभावित हो रही है लेकिन बिजली विभाग द्वारा बार-बार बिजली कट कर दी जाती है इससे भी जानता परेशान है। कई ऐसे क्षेत्र हैं जहां कई बार आवेदन देने पर भी ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाते बिजली कर्मचारियों द्वारा अभद्रता की जाती है। महंगाई ने प्रदेश की जनता का बजट बिगाड़ दिया है आम आदमी आज परेशान है उसे किसी भी तरह की राहत नहीं मिल पा रही है लेकिन भाजपा इवेंट मैनेजमेंट में लगी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा आदिवासियों का लगातार शोषण किया जा रहा है कभी उनकी जमीन हड़पी जा रही है तो कभी उन पर अमानवीय कृत्य किया जा रहा है। इस पर भी सीएम साहब ने कुछ नहीं बोला अतः जनता सब जानती है और यह समझ में आ गया है कि यह सब चुनावी एजेंडा है और चुनावी एजेंडा में अब जनता फसने वाली नहीं है जनता इस बार करारा जवाब देगी।
सादर प्रकाशनार्थ- जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र सिंह दादू