झारखंड के माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर कार्य
करने वाले 4 महिलाओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जल जीवन मिशन, जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान करने के लिए रांची जिला के कांके प्रखंड के पिथोरिया पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी, कोडरमा जिले के मरकच्चो पंचायत समिति की सदस्य पार्वती देवी, कोडरमा जिले से मरकच्चो प्रखंड स्थित अरकोचा पंचायत की वार्ड सदस्य पूजा देवी तथा कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड के लक्ष्मीपुर पंचायत की पार्वती देवी को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए बधाई दी। उन्होंने उन सभी से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली और उसे सराहा। इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल के बिना जिंदगी की कल्पना नही की जा सकती है । ऐसे में जल संरक्षण आज की नितांत जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप जल संरक्षण और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने के लिए अभियान चलाएं और दूसरों को इससे जोडें। क्योंकि सामूहिक प्रयास से ही इसमें कामयाबी हासिल पा सकते हैं। गौरतलब हो कि माननीया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 4 मार्च 2023 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में इन्हें सम्मानित किया था। इस कार्यक्रम में मुन्नी देवी झारखंड की एकमात्र मुखिया थी, जिन्हें स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान -2023 से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के सफल संचालन एवं रखरखाव के लिए मिला था। वहीं पार्वती देवी को जल शक्ति अभियान के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने सम्मानित किया था। जबकि, पूजा देवी को ओडीएफ प्लस (स्वच्छता) के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए सम्मान मिला था। इस मौके पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव मनीष रंजन, मुख्य अभियंता संजय कुमार झा, विशेष सचिव राजीव रंजन, संयुक्त सचिव पीएन मिश्रा, कार्यपालक अभियंता अनिल गुप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
प्राईड इंडिया न्यूज़ से धनंजय कुमार (7857826506) की रिपोर्ट।