राष्ट्रीय दिनदर्शिका को ताकत मिलेगी तो ही भारत बन सकेगा विश्व गुरु
उज्जैन। भारत कितना भी विकास कर ले, किंतु यदि हम पाठ्यक्रम में अपनी राष्ट्रीय सौर दिनदर्शिका (कैलेंडर) और अपनी काल गणना पद्धतियों को नहीं पढ़ाएंगे, तो सारा विकास निरर्थक होगा। यदि भारत को विश्व गुरु बनना है तो इसका आरंभ बिंदु राष्ट्रीय दिनदर्शिका (नेशनल कैलेंडर) को व्यवहार स्वरूप में उसी तरह लागू करना होगा, जैसा अभी जनवरी से दिसंबर की गणना वाला ग्रेगोरियन कैलेंडर लागू है। हमारे बैंक, विद्यालय, शिक्षा संस्थान, सरकारी संस्थान, निजी संस्थान, अन्य कार्यालय आदि सब जगह भारतीय राष्ट्रीय दिनदर्शिका लागू होने पर ही भारत सही अर्थों में स्वतंत्र होगा। अन्यथा हम वैचारिक गुलामी ढोते रहेंगे। यह उन ज्वलंत विचारों का निचोड़ है, जो मध्य प्रदेश के उज्जैन में 22 अप्रैल से प्रारंभ हुई दो दिवसीय भारतीय राष्ट्रीय दिनदर्शिका संगोष्ठी में विद्वानों ने व्यक्त किए। यहां भारतीय कैलेंडर के वैज्ञानिक पहलुओं पर मंथन हुआ।

राष्ट्रीय सौर दिनदर्शिका 1944 अंक का विमोचन
खगोलशास्त्र व खगोल भौतिकी अंतरविश्वविद्यालय केंद्र पुणे के निदेशक प्रो. सोमक रायचौधरी, विद्या भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री जयंत सहस्रबुद्धे सहित अन्य विद्वानों ने भी भारतीय दिनदर्शिका को व्यावहारिक प्रयोजन में लाने पर जोर दिया। विक्रम विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के प्रथम सत्र में इस वर्ष के राष्ट्रीय सौर दिनदर्शिका-1944 अंक का विमोचन किया गया। मप्र विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डा. अनिल कोठारी ने कहा कि वैज्ञानिक आधार पर ही राष्ट्रीय दिनदर्शिका को भारत सरकार ने लागू किया। इसमें समय का जो वैज्ञानिक आधार है, वैसा देश-विदेश के अन्य किसी कैलेंडर में नहीं। यह लोक व्यवहार में आए, इसके लिए ही संगोष्ठी रखी है। अभय मराठे ने कहा कि राष्ट्रीय दिनदर्शिका के अनुसार नववर्ष की शुरुआत सुबह सूर्यादय से होती है। साल का पहला माह चैत्र होता है। इसकी तिथि अनुसार जारी चेक को बैंक स्वीकार करते हैं।