बरेला में मां-बेटी की हत्या कर जमीन में दफनाया, पुलिस ने खुदाई कर शवों को निकाला

जबलपुर । बरेला थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 15 से लापता मां बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद दोनों के शवों को काशी महगवां के पास कैनाल के किनारे झाड़ियों के बीच जमीन में दफन कर दिया गया। मंगलवार सुबह पुलिस अधिकारी एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खुदाई कर मां बेटी के शवों को बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व वार्ड क्रमांक 15 निवासी बबली झारिया 40 वर्ष और उसकी बेटी ने निशा झारिया 20 वर्ष घर से लापता हो गई थी। जिनकी तलाश की जा रही थी। मंगलवार सुबह पता चला कि दोनों की हत्या कर शवों को काशी महकमा में जमीन में गाड़ दिया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रथमदृष्टा प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
कैनाल के किनारे जमीन में मां-बेटी के साथ दफन होने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बबली और निशा कुछ दिन पूर्व घर से लापता हो गई थी। बरेला थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही थी।
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
बबली और निशा के शव जमीन में दफन किए जाने की सूचना पर बड़ी संख्या में पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रकरण में संजय श्रीपाल नामक संदेही की तलाश की जा रही है।