अमिलिया पुलिस ने शासकीय विद्यालय में हुई चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

0 2,133

सुडवार स्कूल से चोरी हुए 97 हजार 500 रुपये के कम्प्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद, पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका किया जब्त

सीधी जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुडवार में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए कम्प्यूटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बरामद कर लिया है। बरामद सामग्री की कुल कीमत 97 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में अमिलिया पुलिस ने यह कार्रवाई की।

कम्प्यूटर कक्ष का ताला तोड़कर ले गए थे सामान

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 नवम्बर 2026 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुडवार के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चन्द्रकुमार शुक्ला ने थाना अमिलिया में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति विद्यालय भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कम्प्यूटर कक्ष की कुंडी तोड़कर कम्प्यूटर मॉनीटर, दो की-बोर्ड, सीपीयू, प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन, एक्सटेंशन बोर्ड, वाई-फाई सेट, इन्वर्टर, माउस, स्पीकर सहित परीक्षा एवं प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण फाइलें चोरी कर ले गया है।

शिकायत पर अमिलिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 678/2026 के तहत धारा 305(E), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साक्ष्य संकलन और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दीपक कुमार पटेल एवं प्रमोद कुमार पटेल, दोनों निवासी ग्राम डमक, थाना अमिलिया को संदेह के आधार पर अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने विद्यालय में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर जब्त कर लिया। बरामद मशरूका की कुल कीमत 97 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार पटेल पिता जगन्नाथ प्रसाद पटेल, उम्र 18 वर्ष 9 माह तथा प्रमोद कुमार पटेल पिता रामलाल पटेल, उम्र 18 वर्ष 7 माह के रूप में की है। दोनों ग्राम डमक, थाना अमिलिया, जिला सीधी के निवासी हैं। विधिवत गिरफ्तारी के बाद दोनों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अमिलिया के निर्देशन में प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सिंह (47), जयराम सैनी (379), राजभान प्रजापति (475), राजेन्द्र सिंह (46) तथा आरक्षक बंशलाल सिंह (486) एवं रघुराज सिंह (531) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शासकीय विद्यालय में हुई चोरी की वारदात का खुलासा हुआ और चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया गया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment