12 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार
सिहावल चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा, न्यायालय के आदेश पर आरोपी भेजा गया जेल

सीधी। जिले में अवैध मादक पदार्थों एवं नशीली दवाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अमिलिया थाना अंतर्गत सिहावल चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने का आदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी अमिलिया के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सिहावल उप निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल पुलिस बल एवं गवाहों के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गेरुआ में गैस एजेंसी के पास एक व्यक्ति नशीली कफ सिरप बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सज्जन सिंह परिहार पिता भाईलाल सिंह, निवासी ग्राम सिहावल बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 शीशी ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील: सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।