बाइक का हैंडल अचानक उखड़ने से सड़क पर गिरा चालक, सिर और जबड़े में गंभीर चोट; थाना प्रभारी ने दिखाई मानवता

सीधी जिले के रामपुर नैकिन के हत्था के पास हुआ हादसा, सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा था घायल बाइक सवार; थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचाया अस्पताल
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हथथा में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। तेज रफ्तार से जा रही बाइक का अचानक हैंडल उखड़ जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में बाइक चालक के सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते वह मौके पर ही बेहोश हो गया।
अचानक उखड़ गया बाइक का हैंडल
प्रत्यक्षदर्शी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक बाइक तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान अचानक बाइक का हैंडल उखड़ गया। चालक ने वाहन को संभालने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण नहीं रख पाया और सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद घायल व्यक्ति सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। उसके सिर और जबड़े में गंभीर चोटें आई थीं।
रास्ते से गुजर रहे थाना प्रभारी ने तत्काल रुकवाया वाहन
हादसे के दौरान रामपुर नैकिन थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय उसी रास्ते से गुजर रहे थे। सड़क पर घायल व्यक्ति को देखकर उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और घायल की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना देर किए अपने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से एंबुलेंस को सूचना दी और घायल को एंबुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग किया।
इसके बाद घायल को रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल की पहचान नहीं हो सकी
थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय के अनुसार हादसे में घायल व्यक्ति की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। उसे गंभीर चोटें आई थीं और वह बेहोशी की हालत में था। ऐसे में पुलिस टीम ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल की हो रही सराहना
सड़क हादसे के बाद घायल की मदद के लिए थाना प्रभारी द्वारा तत्काल वाहन रुकवाना और पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर उसे अस्पताल पहुंचाना सराहनीय पहल मानी जा रही है। अक्सर सड़क हादसों में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में पुलिस की तत्परता किसी घायल की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
फिलहाल घायल व्यक्ति का उपचार जारी है और उसकी पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
तलाश न्यूज की अपील: सड़क पर कहीं भी दुर्घटना में घायल व्यक्ति दिखाई दे तो मदद के लिए आगे आएं। समय पर दी गई सहायता किसी की जिंदगी बचा सकती है।