अमिलिया पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, 90 हजार के बर्तन बरामद

दो आरोपी गिरफ्तार, सूने घर में रखी पेटी का ताला तोड़कर पार किए थे फूल-पीतल के बर्तन; चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद
सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 90 हजार रुपये कीमत के फूल एवं पीतल के बर्तन बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
सूने घर को बनाया था निशाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोरौली कला निवासी विमलेश चतुर्वेदी (39 वर्ष) ने 25 अक्टूबर 2026 को थाना अमिलिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सूने घर में रखी बड़ी पेटी का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति फूल एवं पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई थी।
शिकायत के आधार पर थाना अमिलिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 648/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(A) एवं 331(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ऋषिकेश पटेल उर्फ लाली (24 वर्ष) और सागर वर्मा (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम चमरौहा, को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर जब्त कर लिया।
बटुए, परात, थाली और लोटे सहित कई बर्तन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से फूल एवं पीतल के बर्तन बरामद किए, जिनमें फूल के बटुए, परात, थाली, लोटे, गिलास, कटोरे, कछुल और चम्मच सहित अन्य बर्तन शामिल हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने चोरी गए सामान का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
चोरी की इस घटना का खुलासा करने में थाना अमिलिया पुलिस के प्रधान आरक्षक जयराम सैनी (379), प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह (432), आरक्षक संदीप चतुर्वेदी (574) एवं आरक्षक रघुराज सिंह (531) की विशेष भूमिका रही।
सीधी पुलिस के अनुसार, जिले में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।