सीधी पुलिस की तत्परता से आर्मी हवलदार को वापस मिला ₹5 लाख के जेवरात से भरा बैग

0 2,341

सड़क पर गिरा ट्रॉली बैग ई-रिक्शा चालक को मिला, सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से रामपुर नैकिन पुलिस ने खोजकर लौटाया कीमती सामान

सीधी, 13 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रामपुर नैकिन पुलिस ने ईमानदारी और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए आर्मी में हवलदार के पद पर पदस्थ जवान का लगभग ₹5 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात से भरा ट्रॉली बैग सुरक्षित वापस दिलाया। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से जवान को उनका कीमती सामान वापस मिल गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

कार की डिक्की खुलने से सड़क पर गिरा बैग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खैरा निवासी अमरकांत द्विवेदी श्रीनगर में आर्मी में हवलदार के पद पर पदस्थ हैं। 13 अक्टूबर को वे अपनी पत्नी और परिवार के साथ निजी कार से घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम शिकारगंज के पास सड़क पर कार उछलने से डिक्की खुल गई और उसमें रखा लाल रंग का ट्रॉली बैग सड़क पर गिर गया। बैग में लगभग ₹5 लाख के सोने-चांदी के जेवरात के साथ फरियादी और उनकी पत्नी के कपड़े भी रखे हुए थे।

सीसीटीवी फुटेज से ई-रिक्शा चालक तक पहुंची पुलिस

बैग गायब होने की सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी खड्डी एएसआई नीरज कुमार और पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शिकारगंज बैरियर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पता चला कि घटना के समय वहां से गुजर रहा एक ई-रिक्शा ग्राम मोरा की ओर गया था। पुलिस टीम ने तलाश करते हुए ई-रिक्शा चालक संदीप यादव, निवासी शिवपुरवा, जिला रीवा से संपर्क किया।

ई-रिक्शा चालक ने ईमानदारी से पुलिस को सौंपा बैग

पूछताछ में ई-रिक्शा चालक ने बताया कि उसे सड़क पर ट्रॉली बैग मिला था। उसने बैग पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने बैग में रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान सहित उसे अमरकांत द्विवेदी को सुरक्षित वापस कर दिया।

अपना कीमती सामान वापस मिलने पर फरियादी ने सीधी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ईमानदारी और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खड्डी एएसआई नीरज कुमार, आरक्षक क्रमांक 81 रविन्द्र सिंह, वाहन चालक सोनू साकेत और ग्राम खैरा के पूर्व सरपंच दीपक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

सीधी पुलिस की अपील

सीधी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और वाहन की डिक्की अच्छी तरह बंद रखें। यदि किसी को किसी दूसरे व्यक्ति का खोया हुआ सामान मिलता है, तो उसे संबंधित व्यक्ति या नजदीकी पुलिस थाने को सौंपें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment