कलेक्टर से सकारात्मक चर्चा के बाद पटवारियों की कलमबंद हड़ताल समाप्त

0 106

डिंडौरी, 11 सितंबर 2026।

मध्यप्रदेश पटवारी संघ डिंडौरी एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के बीच 8 सितंबर को संघ की विभिन्न समस्याओं को लेकर दो दौर में विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा के दौरान कलेक्टर ने पटवारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कुछ प्रमुख मांगों, जिनमें ई-अटेंडेंस एवं समयमान वेतनमान सहित अन्य विषय शामिल हैं, का त्वरित निराकरण किया। वहीं शेष मांगों के शीघ्र निराकरण का भरोसा भी संघ को दिया गया।

 

कलेक्टर द्वारा राजस्व विभाग में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी कर्मचारी के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई नहीं की जाएगी।

 

कलेक्टर के सकारात्मक रुख एवं समस्याओं के निराकरण की पहल से संतुष्ट होकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ डिंडौरी ने 9 सितंबर 2026 से पटवारियों की कलमबंद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया।

 

संघ के जिलाध्यक्ष सोहन साहू ने कहा कि पटवारी का पद अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है। राजस्व परिवार के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण एवं बेहतर समन्वय स्थापित होने से प्रशासनिक कार्यों में सकारात्मक माहौल बनेगा। इससे कार्य की गुणवत्ता में सुधार होगा और इसका सीधा लाभ किसानों एवं आमजन से जुड़े कार्यों के बेहतर एवं समयबद्ध निराकरण में मिलेगा।

 

उन्होंने कहा कि संघ प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment