रामपुर नैकिन पहुंचे IG गौरव राजपूत और DIG हेमंत चौहान, जनसंवाद में सुनीं आमजन की शिकायतें

0 433

साइबर अपराध से बचाव की दिलाई शपथ, हितग्राहियों को बांटे प्रमाण-पत्र; थाना रामपुर नैकिन का किया आकस्मिक निरीक्षण

सीधी। मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन के जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस महानिरीक्षक रीवा ज़ोन, रीवा श्री गौरव राजपूत एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र, रीवा श्री हेमंत चौहान रामपुर नैकिन स्थित सामुदायिक भवन पहुंचे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी भी मौजूद रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद करते हुए पुलिस से संबंधित शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए।

IG गौरव राजपूत ने कहा कि जनसंवाद पुलिस और आमजन के बीच विश्वास मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों में सुरक्षा की भावना एवं पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करना है।

साइबर अपराधों को लेकर किया जागरूक

कार्यक्रम में आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई। नागरिकों से ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और OTP साझा करने से बचने तथा साइबर अपराध की घटना होने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई।

हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली तथा पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

थाना रामपुर नैकिन का किया आकस्मिक निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद IG एवं DIG ने थाना रामपुर नैकिन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस रिकॉर्ड, अपराध एवं गुम इंसान संबंधी अभिलेखों सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, गंभीर अपराधों की प्रभावी विवेचना, फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की प्रभावी तामीली के निर्देश दिए।

DIG हेमंत चौहान ने विवेचनाओं की नियमित समीक्षा, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग, बीट प्रणाली को मजबूत करने तथा रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, कानून-व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अनुशासन, टीम भावना, पारदर्शिता एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment