मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से आमजन की समस्याओं का मौके पर हो रहा निराकरण : विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे

जन विश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान : कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया
जन विश्वास अभियान के शिविर में 152 हितग्राहियों को मिला निःशुल्क चश्मों का लाभ
*डिंडौरी : 21 अगस्त,2026*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को शिविर का आयोजिन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिले के विकासखंड मेंहदवानी राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह शासकीय महाविद्यालय मेंहदवानी में जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, शहपुरा एसडीएम श्री ऐश्वर्य वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल परिसर में पौधारोपण किया गया। उन्होंने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शासकीय कन्या छात्रावास मेंहदवानी का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों एवं अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ नियमित अध्ययन करने तथा बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। जन विश्वास अभियान शिविर प्रत्येक शुक्रवार को विभिन्न क्षेत्रों में शिविर का आयोजन 8 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। शिविर में विभिन्न समस्याओं एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित 60 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन भी प्रस्तुत किए।
शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनहितैषी सोच का परिणाम है। अभियान के तहत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन एक ही स्थान पर उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उनके घर-द्वार तक पहुंचाना तथा समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक शासकीय योजना का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। जब अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचेगा, तभी विकास की गति और अधिक तेज होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आमजन और प्रशासन के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है।
विधायक श्री धुर्वे ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि पानी, बिजली, आवास, शिक्षा, सड़क, भूमि, स्वास्थ्य अथवा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराएं और उपलब्ध सेवाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं को सुन रहे हैं तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि शिविर में नेत्र जांच, रक्तचाप, मधुमेह, एक्स-रे सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध हैं। चिकित्सकों द्वारा आवश्यकतानुसार परामर्श एवं दवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले में शिविरों का आयोजन विगत दो सप्ताह से किया जा रहा है और यह अभियान आगामी 8 जनवरी 2027 तक निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को शासन की किसी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है अथवा किसी प्रकार की समस्या है, तो वह शिविर में आवेदन प्रस्तुत करें। नागरिकों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से ही इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
कलेक्टर ने कहा कि कई बार मुख्यालय दूर होने के कारण ग्रामीण नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर जिला अथवा विकासखंड मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शासन-प्रशासन स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे, इसी उद्देश्य से जन विश्वास अभियान के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में उपस्थित नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*शिविर में स्वास्थय परीक्षण का लिया गया लाभ*
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय शिविर में स्वास्थय विभाग द्वारा आमजन को विभिन्न स्वास्थय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान स्वास्थय विभाग से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की लंबित 23 शिकायतों का निराकरण किया गया। शिविर में स्वास्थय सेवाओं का लाभ लेने के लिए कुल 473 आवेदकों का पंजीयन किया गया।
शिविर में 30 वर्ष से अधिक आयु के 143 पुरुष एवं 98 महिलाओं की स्वास्थय जांच की गई। इसके साथ ही 0 से 5 वर्ष तक के 15 बच्चों तथा 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 67 एवं 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 150 लोगों की जांच की गई। कुल 321 लोगों का ब्लड प्रेशर एवं 321 लोगों का ब्लड शुगर परीक्षण किया गया। एनीमिया की जांच 154, सिकिल सेल की जांच 38 तथा अन्य स्वास्थय जांच 127 लोगों की की गई। गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी जांच के अंतर्गत प्रथम जांच 01, द्वितीय 05, तृतीय 01 एवं चतुर्थ 05 महिलाओं की जांच की गई। इसके अलावा 105 लोगों की खखार जांच एवं 117 लोगों के एक्स-रे किए गए। आंखों से संबंधित जांच 173 लोगों की की गई तथा 152 हितग्राहियों को चश्मे वितरित किए गए। शिविर में 03 हितग्राहियों को फूड बास्केट भी वितरित किए गए। दिव्यांग बोर्ड द्वारा 08 यूडीआईडी कार्ड बनाए गए। शिविर में 01 आयुष्मान कार्ड, पीएम-डीएजेएजीयूए के 06, बीओसीडब्ल्यू के 11 तथा अन्य योजनाओं से संबंधित 03 हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया गया। स्वास्थय केन्द्र के लिए 07 मरीजों को रेफर किया गया, जबकि जन्मजात विकृति से संबंधित 04 प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। इस प्रकार शिविर के माध्यम से आमजन को स्वास्थय जांच, उपचार, आवश्यक परामर्श एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से जिला प्रशासन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, विकास कार्यों की सतत समीक्षा करने तथा जनसमस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच बढ़ने के साथ ही आमजन और शासन के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा रहा है।