चुरहट में भारी बारिश का कहर, फसलें तबाह तो घर-दुकानों में घुसा पानी

0 155

पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने जताई चिंता, प्रभावित परिवारों के तत्काल सर्वे और उचित मुआवजे की मांग

 

सीधी/चुरहट। चुरहट विधानसभा क्षेत्र के रामपुर नैकिन सहित आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ कई मकानों और दुकानों में भी बारिश का पानी घुसने की जानकारी सामने आई है।

 

भारी बारिश से उत्पन्न हालात को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने चिंता जताते हुए शासन और जिला प्रशासन से प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की है।

 

रामपुर नैकिन में दुकानों और घरों को नुकसान

 

अजय सिंह राहुल ने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण रामपुर नैकिन के मार्केट एवं कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है। निचले इलाकों में पानी भरने से कई परिवारों के घरों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे राशन, घरेलू सामान और गृहस्थी की सामग्री खराब हो गई।

 

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान क्षतिग्रस्त अथवा धराशायी हुए हैं। ऐसे परिवारों के सामने रहने और रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित लोगों को तत्काल राहत की जरूरत है।

 

नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की मांग

 

अजय सिंह राहुल ने राज्य शासन एवं जिला प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में राजस्व विभाग की टीम भेजकर तत्काल सर्वे कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सर्वे में मकानों, दुकानों, फसलों और घरेलू सामान को हुए वास्तविक नुकसान को दर्ज किया जाए तथा सभी पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

 

जिन परिवारों के मकान बारिश में क्षतिग्रस्त या गिर गए हैं, उनके लिए सुरक्षित आश्रय, भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था कराने की भी मांग की गई है।

 

किसानों को भी मिले उचित मुआवजा

 

बारिश से प्रभावित किसानों की फसलों का जल्द आकलन कराने की मांग करते हुए अजय सिंह राहुल ने कहा कि फसल नुकसान का उचित सर्वे कराकर किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाना चाहिए, ताकि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट से उबरने में मदद मिल सके।

 

‘संकट की घड़ी में जनता के साथ’

 

अजय सिंह राहुल ने प्रशासन से राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन को प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि चुरहट क्षेत्र की जनता के साथ वे पूरी तरह खड़े हैं और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रयासरत रहेंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment