सीडीओ ने महिला कल्याण विभाग की संस्थाओं का किया निरीक्षण

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने गुरुवार को महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने राजकीय बाल गृह (बालक), राजकीय बाल गृह (शिशु), सखी वन स्टॉप सेंटर, नवादा इंदेपुर तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), पिपरौल का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने संस्थाओं में रह रहे बच्चों, किशोरों एवं सखी वन स्टॉप सेंटर में निवासरत संवासियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संस्थाओं में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही बच्चों एवं संवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्विनी कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिवंश सहित शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।