विश्व स्तनपान सप्ताह पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लगाया जागरूकता शिविर

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह के समापन अवसर पर शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, शाहजहांपुर के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भावलखेड़ा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुआ।
शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती अपेक्षा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष 1 से 6 अगस्त तक विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य के लिए स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना और माताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है। उन्होंने माताओं से अपील की कि जन्म के बाद शिशु को केवल मां का दूध दें तथा छह माह पूरे होने के बाद घर का बना पौष्टिक पूरक आहार शुरू करें। साथ ही कम से कम दो वर्ष तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मां का दूध बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ कई गंभीर बीमारियों से भी बचाता है।
शिविर में डॉ. समीर कुमार ने बताया कि मां के दूध में मौजूद पोषक तत्व शिशु के मस्तिष्क और आंखों के बेहतर विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि स्तनपान से मां और बच्चे के बीच भावनात्मक संबंध भी मजबूत होता है।
इस अवसर पर डॉ. जीवन ज्योति और एआरओ अरविंद कुमार ने भी विश्व स्तनपान सप्ताह के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन लोक अदालत लिपिक मोहम्मद अफजल ने किया।
शिविर में बीपीएम आनंद सिंह, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, हेल्थ सुपरवाइजर, फार्मासिस्ट तथा पैरालीगल वॉलंटियर अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।