विधायक ऋतुराज कुमार ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, जहानाबाद-घोसी क्षेत्र के लिए रखीं कई महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं की मांग

पटना/जहानाबाद | नवीन कुमार, संवाददाता
घोसी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋतुराज कुमार ने शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार मुलाकात कर जहानाबाद एवं घोसी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े रेल विकास और यात्री सुविधाओं के विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए कई जनहितकारी प्रस्ताव रेल मंत्री के समक्ष रखे।
विधायक ऋतुराज कुमार ने इस्लामपुर–मानपुर प्रस्तावित रेल लाइन के एलाइनमेंट में संशोधन कर हुलासगंज को रेल नेटवर्क से जोड़ने, रेल मार्ग को टेउसा एवं खिजरसराय होकर ले जाने तथा हुलासगंज में रेलवे स्टेशन/हॉल्ट के निर्माण की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने जहानाबाद के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा-दामोदर एक्सप्रेस का हावड़ा तक विस्तार, वंदे भारत एक्सप्रेस का जहानाबाद में ठहराव, महाबोधि एक्सप्रेस का प्रारंभिक स्टेशन जहानाबाद बनाए जाने तथा जिले में माल गोदाम (गुड्स शेड) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।
विधायक ने गया–जहानाबाद–पटना रेलखंड पर शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे के बीच कम-से-कम एक अतिरिक्त पैसेंजर या मेमू ट्रेन चलाने अथवा अतिरिक्त ट्रिप बढ़ाने की भी मांग की, ताकि दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों और कर्मचारियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बिहारशरीफ–जहानाबाद प्रस्तावित रेल परियोजना के अंतर्गत काको में पूर्ण रेलवे स्टेशन तथा बंधुगंज में रेलवे हॉल्ट के निर्माण की मांग भी रखी, जिससे क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिल सके।
विधायक ऋतुराज कुमार ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जहानाबाद में माल गोदाम (गुड्स शेड) की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है, जो जिले के व्यापार, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। साथ ही, उन्होंने इस्लामपुर–मानपुर नव स्वीकृत रेल लाइन के डीपीआर में संशोधन कर इसे हुलासगंज की ओर ले जाने के प्रस्ताव पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
अन्य सभी मांगों पर भी रेल मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। विधायक ऋतुराज कुमार ने इसके लिए केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन प्रस्तावों के क्रियान्वयन से जहानाबाद एवं आसपास के लाखों लोगों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि जनहित एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।