आए दिन फूटती पाइपलाइन, पड़रिया कला में फिर गहराया पेयजल संकट; ग्रामीणों ने जिम्मेदारों पर लगाया लापरवाही का आरोप

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
शाहपुरा (डिण्डौरी)। शाहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़रिया कला में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। खेरका के पास मुख्य पाइपलाइन कई दिनों से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे बड़ी मात्रा में पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा है। वहीं बीते दो दिनों से गांव में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने के कारण ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाइपलाइन फूटने की सूचना कई बार जमादार, सरपंच एवं सचिव सहित संबंधित जिम्मेदारों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। लापरवाही के चलते एक ओर पानी की बर्बादी हो रही है तो दूसरी ओर गांव के लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि खेरका के पास पाइपलाइन फूटने की समस्या नई नहीं है, बल्कि आए दिन यही स्थिति बन जाती है। समय पर मरम्मत नहीं होने से गांव में बार-बार पेयजल संकट खड़ा हो जाता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं ग्राम पंचायत से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि बार-बार उत्पन्न होने वाली इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं और ग्रामीणों को राहत मिलती है