सिहावल- हिनौती और अमिलिया जाम से कराहती जनता, कब जागेगा सिस्टम?

सीधी जिले के सिहावल विधानसभा अंतर्गत सिहावल ब्लॉक के हिनौती और अमिलिया मुख्य बाजार में लगने वाला भीषण जाम अब आम समस्या नहीं, बल्कि विकराल रूप ले चुका है। शादी सीजन में स्थिति और भयावह हो जाती है, जहां आम नागरिकों को घंटों तक जाम में फंसकर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह समस्या नई नहीं है, बल्कि वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था और सोन नदी पर नए पुल के अभाव का परिणाम है, जिस पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
जिले के कलेक्टर श्री विकास मिश्रा जी को एक कर्मयोगी और जनहितैषी अधिकारी के रूप में देखा जाता है, जिनकी कार्यशैली ने कई व्यवस्थाओं में सुधार लाया है। ऐसे में सिहावल और अमिलिया की इस गंभीर समस्या पर उनकी नजर पड़ना बेहद जरूरी है, ताकि जिम्मेदार अधिकारियों की निष्क्रियता पर लगाम लग सके और आम जनता को राहत मिल सके। यह वक्त सिर्फ निरीक्षण का नहीं, बल्कि सख्त निर्णय लेने का है।
प्रशासन से अपेक्षा है कि इस जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएं—चाहे वह ट्रैफिक मैनेजमेंट हो, वैकल्पिक मार्गों का निर्माण हो या लंबे समय से लंबित पुल परियोजना को गति देना। अब जरूरत है कलेक्टर की कलम के उस प्रभावी हस्तक्षेप की, जो सिस्टम को झकझोर कर आम जनता को इस मुसीबत से निजात दिला सके।
प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, सिहावल रिपोर्ट – शाहिद खान