स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता का संगम: पंचायतों में विशेष शिविरों की नई पहल

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी, रिपोर्ट : शाहिद खान
जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विकास मिश्रा द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों की शुरुआत की जा रही है। इस नवाचार के तहत एक साथ 3 से 4 ग्राम पंचायतों को जोड़ते हुए क्रमबद्ध शिविर आयोजित होंगे, जिससे ग्रामीणों को उनके घर के पास ही जांच और उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इसी क्रम में 04 अप्रैल को मझौली के बोदरीटोला, सिहावल के पोड़ी, रामपुर नैकिन के कुशमहर और सीधी के माटा में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में विशेष रूप से गर्भवती एवं धात्री महिलाएं, कुपोषित बच्चे और किशोरी बालिकाएं केंद्र में रहेंगी। साथ ही बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण, निःशुल्क जांच, दवाइयों का वितरण, बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला चिकित्सालय रेफर किया जाएगा, वहीं दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र हेतु उन्हें जिला मेडिकल बोर्ड के लिए चिन्हांकित किया जाएगा।
अभियान के तहत स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास और आयुष विभाग पंचायतों के साथ समन्वय कर कार्य करेंगे। शिविरों में बाल विवाह के दुष्प्रभाव, परिवार नियोजन और पोषण योजनाओं के प्रति भी जागरूकता फैलाई जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को समय-समय पर आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिए हैं, ताकि व्यवस्थाएं सुचारू बनी रहें। इस पहल से ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता दोनों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी ( मध्य प्रदेश)