शहर में झपट्टा मार मोबाइल चोर गिरोह सक्रिय, छात्रा का मोबाइल छीना, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

0 8,991


सीधी। शहर में इन दिनों झपट्टा मार मोबाइल चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला मंगलवार दोपहर का है, जब एक छात्रा से मोबाइल छीनकर भाग रहे युवक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज दोपहर लगभग 2:40 बजे बीए प्रथम वर्ष की एक छात्रा जिला अस्पताल सीधी के सामने एक ठेले के पास अपने हाथ में मोबाइल लेकर खड़ी थी। तभी अचानक एक युवक वहां पहुंचा और छात्रा के हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर भागने लगा।
अचानक हुई इस घटना से घबराई छात्रा ने शोर मचाते हुए चोर का पीछा करना शुरू कर दिया। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग भी सक्रिय हो गए और चोर के पीछे दौड़ पड़े।
बताया जाता है कि काफी दूर तक पीछा करने के बाद लोगों ने आरोपी को एक होटल के पास सड़क पर पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की विवेचना जारी है। वहीं इस घटना के बाद शहर में झपट्टा मार मोबाइल चोर गिरोह की सक्रियता को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल और कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment