इंजी. विवेक सोनी को आम आदमी पार्टी में प्रदेश सचिव (शिक्षा विभाग) की जिम्मेदारी

सीधी/सिंगरौली/सिहावल/देवसर।
आम आदमी पार्टी के युवा एवं सक्रिय नेता इंजीनियर विवेक सोनी को केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व की सहमति से मध्यप्रदेश में शिक्षा विभाग का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद क्षेत्र में उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
पार्टी द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को लेकर इंजीनियर विवेक सोनी ने कहा कि यह दायित्व उनके वर्षों की लगन, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर यह साबित किया है कि आम आदमी पार्टी में मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के आधार पर हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
श्री सोनी ने कहा कि वे पार्टी की विचारधारा को आमजन और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यह जिम्मेदारी केवल उनके लिए सम्मान नहीं, बल्कि उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के मनोबल को भी बढ़ाने वाली है।
नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र में कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया और उन्हें बधाई दी।