खेलो एमपी यूथ गेम्स का जिला स्तरीय समापन सम्पन्न

खेल में हार नहीं, सीख होती है – विधायक श्रीमती रीती पाठक
सीधी, 20 जनवरी 2026।
“खेल में हार और जीत से अधिक महत्वपूर्ण वह सीख होती है, जो खिलाड़ी को आगे और बेहतर करने के लिए प्रेरित करती है। प्रत्येक मुकाबला आत्ममंथन का अवसर देता है, जिससे खिलाड़ी अगली बार और मजबूत बनकर उभरता है।”
यह विचार विधायक सीधी श्रीमती रीती पाठक ने खेलो एमपी यूथ गेम्स की जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
विधायक श्रीमती पाठक ने विजेता खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और खेलो एमपी यूथ गेम्स जैसे आयोजन युवाओं को आगे बढ़ने के सुनहरे अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से संभाग एवं राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समापन समारोह में विधायक श्रीमती रीती पाठक के हाथों विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री अरविन्द श्रीवास्तव सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
18–19 जनवरी को हुई जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं
खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 18 एवं 19 जनवरी 2026 को सीधी जिले के विभिन्न खेल मैदानों में आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में जिले के सभी विकासखंडों से चयनित लगभग 1000 खिलाड़ियों ने सहभागिता की।
18 जनवरी को प्रातः 10:30 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी श्री अरविन्द श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहले दिन वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, हॉकी, टेबल टेनिस, योगासन, शतरंज, पिट्टू, कबड्डी (बालिका), रस्साकसी, तैराकी, कुश्ती, जूडो एवं बॉक्सिंग सहित कई खेलों का आयोजन हुआ।
19 जनवरी को खो-खो, कबड्डी (बालक), फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल एवं बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले खेले गए। कबड्डी बालक वर्ग में सीधी विजेता व सिहावल उपविजेता रहा। खो-खो बालक वर्ग में मझौली विजेता व कुसमी उपविजेता तथा बालिका वर्ग में सीधी विजेता व कुसमी उपविजेता रही। फुटबॉल बालक वर्ग में मझौली विजेता व रामपुर नैकिन उपविजेता तथा बालिका वर्ग में सीधी विजेता रही। वॉलीबॉल बालक वर्ग में रामपुर नैकिन विजेता व मझौली उपविजेता तथा बालिका वर्ग में सीधी विजेता व कुसमी उपविजेता रही। क्रिकेट बालक वर्ग में सीधी विजेता व मझौली उपविजेता तथा बैडमिंटन में सीधी विजेता व रामपुर नैकिन उपविजेता रहा।
टार्च रैली से खेलों के प्रति जागरूकता
खेलो एमपी यूथ गेम्स के प्रचार-प्रसार हेतु भोपाल से प्रारंभ टार्च रैली 19 जनवरी को सीधी पहुँची। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की गई, जो सम्राट चौक होते हुए विधायक निवास पहुँची। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने टार्च मशाल का स्वागत कर रैली में सहभागिता की। रैली का समापन शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-01 के खेल मैदान में हुआ, जिसके पश्चात मशाल सिंगरौली के लिए रवाना की गई।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल अधिकारी श्री अरविन्द श्रीवास्तव, पुष्पराज सिंह, हरिश कुमार साहू, प्राचार्य श्री शम्भूनाथ त्रिपाठी, प्राचार्य के.के. पटेल सहित अधिकारी, शिक्षक, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।