सिहावल विधानसभा क्षेत्र में विकास की झड़ी, मुख्यमंत्री ने बहरी में 201 करोड़ की सौगातें दीं

सीधी, 09 जनवरी 2026।
प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र के बहरी में आयोजित विशाल जनसभा में विकास की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि सीधी और सिहावल मेरे हृदय में बसे हैं, यहां का प्रेम हमेशा याद रहेगा। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से जुड़ी सभी मांगें पूरी करने का आश्वासन देते हुए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।
मुख्यमंत्री ने देवसर में पूर्णकालिक एडीएम कोर्ट तथा बहरी में अगले शिक्षा सत्र से महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। सिहावल कॉलेज में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय को भी स्वीकृति दी गई। ग्राम सरौधा, पोखरा, जुड़वार और हर्राविरान में पीएचसी खोलने तथा बहरी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन करने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने जेठुला–खुरमुचा एवं लौआर–बिछरी मार्ग पर गोपद नदी में दो पुल और सोनगढ़ रोड पर महान नदी में रपटा बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही चुरहट से चितरंगी तक 129 करोड़ रुपये की लागत से 2 लेन सड़क निर्माण की मंजूरी दी गई। हनुमना–सीतापुर लिफ्ट एरिगेशन परियोजना से सिहावल क्षेत्र के गांवों को भी सिंचाई का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च तक जनकल्याण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि लाडली बहना योजना से अब तक 50 हजार करोड़ रुपये बहनों को दिए जा चुके हैं और हर माह 1500 रुपये की सहायता जारी है। आगे बहनों को उद्योगों से जोड़कर कम से कम 5 हजार रुपये मासिक आय का अवसर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर उपार्जन, बोनस, नदी जोड़ो परियोजना से सिंचाई विस्तार, हर विधानसभा में स्टेडियम व हेलीपैड, एयर एम्बुलेंस सेवा और राहवीर योजना की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 201 करोड़ 64 लाख रुपये के 209 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 68 करोड़ से अधिक के 179 कार्यों का लोकार्पण और 133 करोड़ 62 लाख रुपये के 30 कार्यों का शिलान्यास शामिल है। साथ ही “एक बगिया मां के नाम” योजना में 505 हितग्राहियों को 11.58 करोड़ रुपये का लाभ दिया गया। मुख्यमंत्री ने हितलाभ वितरण, कन्या पूजन और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर क्षेत्रीय मांगें रखीं। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने महुआ व कटहल प्रसंस्करण उद्योग, 2 लेन सड़क और ट्रांसफार्मर डिपो की मांग रखी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल, राधा सिंह, रीती पाठक, कुंवर सिंह टेकाम, राजेन्द्र मेश्राम, रामनिवास शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।