पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को स्मरण पत्र, 6 सूत्रीय मांगों पर ध्यान आकर्षित करने का प्रयास

0 425

 

संवाददाता- निलेश कलसकर जिला ब्युरो चिफ जिला पांढुरना

 

भोपाल/पांढुर्णा (मप्र)। मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ने अपनी लंबित 6 सूत्रीय मांगों के निराकरण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए आज 11 नवंबर, मंगलवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित एक स्मरण पत्र सौंपा। यह ज्ञापन पांढुर्णा में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के माध्यम से दिया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री सचिन (गुड्डू) कावले ने की।

मुरैना महाधिवेशन की घोषणाएं अधूरी

पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि 26 मार्च को मुरैना में आयोजित संघ के 25वें त्रिवर्षीय महाधिवेशन के दौरान उन्होंने इन मांगों पर जल्द चर्चा और निराकरण का आश्वासन दिया था। पत्र में उल्लेख किया गया है कि आश्वासन के 6 माह बीत जाने और मंडला में हुई प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बावजूद, मांगों के निराकरण की दिशा में कोई सरकारी गतिविधि महसूस नहीं हुई है, जिससे पत्रकारों में निराशा है।

6 प्रमुख मांगें: टोल फ्री सुविधा और सुरक्षा कानून पर जोर

संघ ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे स्वयं पत्रकारिता से जुड़े रहे हैं और समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं, इसलिए वे इन 6 प्रमुख मांगों को स्वीकार कर प्रदेश के पत्रकारों पर ‘एहसान’ करें।

पत्र में रखी गई 6 मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:

पत्रकार सुरक्षा कानून: प्रदेश में तत्काल पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।

पत्रकार भवन भूमि वापसी: भोपाल के मालवीय नगर स्थित पत्रकार भवन की भूमि, जो पिछली सरकार द्वारा छीन ली गई थी, उसे तुरंत वापस किया जाए।

पेंशन/श्रद्धा निधि: पत्रकार पेंशन योजना और श्रद्धा निधि योजना से अधिमान्यता की शर्त हटाई जाए और इसे आजीवन देने का नियम बनाया जाए।

पत्रकार भवन हेतु भूमि: राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर पत्रकार भवन के लिए निशुल्क भूमि उपलब्ध कराई जाए।

टोल टैक्स मुक्ति: श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्यता कार्ड को मान्यता दी जाए और अधिमान्यता प्राप्त पत्रकारों को राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल नाकों पर टोल फ्री सुविधा प्रदान की जाए।

स्वास्थ्य बीमा: पत्रकार स्वास्थ्य बीमा योजना को निशुल्क घोषित कर सभी पत्रकारों को इसका लाभ पहुँचाया जाए।

संघ ने विश्वास व्यक्त किया है कि मुख्यमंत्री इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के पत्रकारों के दिलों में स्थान बनाएंगे।इस अवसर पर मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ जिला इकाई पांढुरना के पत्रकार साथी महा सचिव सुधीर नांदेकर,सुभाष पराड़कर,धनंजय जोशी,अनिल सांबारे,मनोज गुडधे,सिराज भाई,प्रवीण वाहने,सुनील कवड़े योगेश गजभिए,श्रीराम घोटे पवार,रवि नारनवारे,निलेश कलसकर,संजय चिंचालकर उपस्थित थे

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment