“मुहर्रम पर्व को लेकर जिलेभर में आयोजित हुई शांति समिति की बैठकें, सौहार्द और सुरक्षा पर रहा जोर”

“सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट”
“पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन सतर्क, सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील”
सीधी, 04 जुलाई 2025,
पुलिस अधीक्षक डॉ. रविंद्र वर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में मुहर्रम पर्व के मद्देनज़र जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों का उद्देश्य त्यौहार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना और सभी समुदायों के बीच आपसी संवाद को मजबूत करना रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव, जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारियों की मौजूदगी में आयोजित इन बैठकों में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
बैठकों में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि मुहर्रम पर्व को पारंपरिक रूप से शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक, उत्तेजक या असत्य जानकारी को साझा करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।
समुदायों के प्रतिनिधियों ने भी आपसी तालमेल और प्रशासन के सहयोग से पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का आश्वासन दिया। आयोजन से संबंधित आवश्यकताओं व समस्याओं की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई, जिस पर तत्काल संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद स्थापित कर पुलिस व जनता के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या असामाजिक तत्वों की कोशिशों को समय रहते रोका जा सके। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और पुलिस हर स्तर पर सतर्क है।
— डॉ. रविंद्र वर्मा (भा.पु.से.), पुलिस अधीक्षक, सीधी