शर्मनाक! सिंगरौली में बेटे ने की मां की हत्या, थाने जाकर अज्ञात पर लगाया आरोप — पुलिस पूछताछ में किया जुर्म कबूल

0 2,279

सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चकरिया गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेटे ने हत्या करने के बाद खुद को बचाने के लिए चौंकाने वाला नाटक रचा।

जानकारी के अनुसार, चकरिया गांव निवासी आरोपी बबुआ सिंह ने पहले अपनी 45 वर्षीय मां फुलकुमारी गोंड की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने घर के बाहर से ताला लगाया और खुद अंदर से दीवार फांद कर बाहर निकला। अगले दिन यानी 4 जून को वह मोरवा थाना पहुंचा और अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस टीम और एफएसएल (फॉरेंसिक) की संयुक्त जांच में जब घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, तो कोई बाहरी व्यक्ति के शामिल होने के सबूत नहीं मिले। पूछताछ के दौरान आरोपी बबुआ सिंह की बातों में विरोधाभास सामने आया। सख्ती से पूछने पर उसने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि एक माह पूर्व उसकी शादी हुई थी और उसकी मां नई पत्नी यानी पतोह से लगातार परेशान कर रही थी। इसी बात को लेकर अक्सर विवाद होते थे और घटना के दिन उसने शराब के नशे में अपनी मां की हत्या कर दी।

मोरवा थाना प्रभारी उमेश प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

यह घटना पारिवारिक कलह और नशे के दुष्परिणाम का वीभत्स उदाहरण है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment