JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में भाजपा ने निकाली आभार यात्रा

0 351

JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में भाजपा ने निकाली आभार यात्र

 

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा में भाजपा ने निकाली आभार यात्रा, नवनिर्वाचित विधायक पूर्णिमा साहू के समर्थन में उमड़ा जनता का स्नेह और आशीर्वाद, पूर्णिमा साहू ने कहा- जनता के आशीर्वाद और समर्थन की रहेंगी ऋणी, पूर्वी क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले एवं प्रत्येक गली की समस्याओं का समाधान करना रहेगी उनकी प्रथमिकता।

 

जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की नवनिर्वाचित विधायक पूर्णिमा साहू के शानदार जीत पर भाजपा ने मंगलवार को जनता के समर्थन और आशीर्वाद के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से भव्य आभार यात्रा निकाली। आभार यात्रा गोलमुरी मंडल एवं बर्मामाइंस मंडल क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में निकाली गई। आभार यात्रा में नवनिर्वाचित विधायक पूर्णिमा साहू के संग गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय एवं बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष सूरज सिंह समेत मंडल क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नेतागण शामिल हुए।आभार यात्रा की शुरुआत गोलमुरी चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद यात्रा गोलमुरी बाजार, टुइलाडुंगरी, माहुलबेड़ा, केबल बस्ती, ओल्ड डीएस फ्लैट, न्यू केबल टाउन, टिनप्लेट चौक, नामदा बस्ती, आनंद नगर और कैलाश नगर, न्यू केबुल टाउन के रास्ते मेन रोड होते हुए बर्मामाइंस मंडल अंतर्गत ईस्टप्लांट बस्ती में प्रवेश किया। इस दौरान जगह-जगह जनता ने पुष्पवर्षा कर विधायक पूर्णिमा साहू का गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक पूर्णिमा साहू खुली जीप में सवार होकर क्षेत्र की जनता का अभिवादन और आशीर्वाद स्वीकार करती रहीं। यात्रा के दौरान जनता ने विधायक पूर्णिमा साहू के प्रति जो स्नेह दिखाया, वह ऐतिहासिक था। महिलाएं फूल और थाली लेकर विधायक का स्वागत करने सड़कों पर उतरीं। बुजुर्गों ने तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें आशीर्वाद दिया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। वहीं, बाइक पर सवार सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथों में भाजपा का ध्वज लेकर भाजपा जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद एवं पूर्णिमा साहू जिंदाबाद जैसे नारों से उत्साह व्यक्त किया। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक पूर्णिमा साहू के आभार संदेश लिखे पत्र को घर-घर जाकर लोगों को भेंट किया और उनका धन्यवाद किया।

 

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि उनकी जीत जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के जनता की जीत है। जिन्होंने अपनी बहन, बेटी और बहू को जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, वह उनके लिए सम्मान की बात है। यह जीत न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र की उम्मीदों और विश्वास का प्रतीक है। जनता की अपेक्षाओं और उनकी आशाओं पर खरा उतरना उनका परम कर्तव्य होगा। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों, समस्याओं और जनहित के मुद्दों का समुचित समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जनता को भरोसा दिलाते हुए पूर्णिमा साहू ने कहा कि पूर्वी विधानसभा के प्रत्येक गली, प्रत्येक मोहल्ले की समस्याओं का समाधान करना उनका प्रथम उद्देश्य है। आभार यात्रा में उन्होंने सभी से अपील किया कि वे अपने सुझाव और समस्याएं उन्हें बताएं। हम सब मिलकर इस पूर्वी क्षेत्र को विकास और सुशासन की एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

 

विधायक पूर्णिमा साहू ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत आपके अथक प्रयास और परिश्रम का प्रतिफल है। मैं पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के इस समर्पण भावना के लिए हमेशा ऋणी रहूंगी।

 

प्राईड इंडिया न्यूज से

ब्यूरो चीफ

इंदर जीत सिन्घ भुल्लर

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment