साक्षात्कार – प्रख्यात साहित्यकार एवं अंतर्राष्ट्रीय गीतकार डाॅ मुन्ना लाल देवदास
साक्षात्कार – प्रख्यात साहित्यकार एवं अंतर्राष्ट्रीय गीतकार डाॅ मुन्ना लाल देवदास 
सवाल:1 – आपका शुभनाम और तखल्लुस, जन्म कब, कहाँ, शिक्षा-दीक्षा, पिता-माता व पारिवारिक पृष्ठ-भूमि पर विस्तार से जानकारी दीजिएगा ?
जवाब:1 नाम – डाॅ मुन्ना लाल देवदास । आपने तख़ल्लुस के संबंध में पूछा है। मैं इससे संबंधित एक रोचक जानकारी देना चाहूँगा कि मुझे अपने नाम के साथ तख़ल्लुस जोड़ने की आवश्यकता ही नहीं पड़ी । क्योंकि मेरे नाम और सरनेम से जुड़े दो सुपरहिट फिल्म मुन्ना भाई एम बी बी एस और देवदास फिल्म लोगों के बीच बहुत पापुलर हुआ । लोगों के जुबाँ पर आज भी वो नाम है। इसलिए डाॅ मुन्नालाल देवदास नाम ही पर्याप्त लगता है।
मेरा जन्म छत्तीसगढ़ राज्य के कोपरा नगर में 12 अगस्त 1960 को हुआ । कोपरा नगर का नामकरण श्री कोपेश्वर महादेव के नाम से हुआ है। कोपेश्वर महादेव पंचकोशी परिक्रमा का पंचम महादेव है। जहाँ हजारों श्रद्धालु हर साल पाँचो शिवलिंग – कुलेश्वर महादेव राजिम, पटेश्वर महादेव पटेवा, चंपेश्वर महादेव चंपारण, बम्हणेश्वर महादेव बम्हनी, फणिकेश्वर महादेव फिंगेश्वर और कोपेश्वर महादेव कोपरा की पंचकोशी यात्रा पैदल चलकर आते हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं इस कोपेश्वर महादेव मंदिर विकास समिति कोपरा का अध्यक्ष हूँ ।
मेरी जन्मभूमि की एक और खासियत यह है कि जब देश गुलाम था तब राष्ट्रीय आंदोलन के समर्थन में यहाँ के पूर्वजों ने 1942 से प्रतिदिन प्रातः 4 से 5 बजे तक सामूहिक प्रभात भजन गाने की शुरुआत की। जो परंपरा आज भी जारी है।
पूर्वजों द्वारा स्थापित इस राष्ट्रहित परंपरा का 2017-18 में 75 साल पूरा होने पर भव्य महोत्सव मनाया गया। जिसमें मेरी पुस्तक – राष्ट्रीय आंदोलन और प्रभात भजन के 75 साल का विमोचन हुआ। समारोह के संयोजन और संचालन का दायित्व नगरवासियों ने मुझे सौंपा था । प्रसन्नता की बात है कि मेरी इस पुस्तक को और प्रभात भजन मंडली दोनों को सन 2022 – 23 में वर्ल्ड रिकार्ड मिला। क्योंकि यह केवल एक पुस्तक नहीं बल्कि कोपरा का प्रथम लिखित इतिहास है। जो मेरी जन्मभूमि के लिए सबसे बड़ा सम्मान है।
मेरा जीवन संघर्षशील रहा । मैंने बचपन में गरीबी को बहुत करीबी से देखा । मेरी माता जी स्वर्गीय इन्दकुँवर देवदास और पिता जी स्वर्गीय अलखू राम देवदास पढ़े लिखे नहीं थे। लेकिन हम दोनों भाई मुन्नालाल और धुन्नालाल को खूब पढाने लिखाने का अरमान उनके दिल में था। अपने अरमान पूरा करने के लिए माता पिता ने खूब मेहनत मजदूरी की। माता पिता का मेहनत रंग लाया। समय आने पर हम दोनों भाई शिक्षक परीक्षा पास किए। शिक्षक बने। माता पिता का अरमान साकार हुआ। पर अपने अरमान को साकार होते देखने से पहले वे स्वर्ग सिधार गए थे।
मैंने कोपरा के ही सरकारी स्कूल से 1979 में बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण किया। फिर 1982 में श्री राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम से बी ए उत्तीर्ण हुआ। इसी प्रकार छात्र जीवन के साथ ही सन 1983 – 84 से जून 1987 तक ग्राम पंचायत कोपरा के उपसरपंच पद पर निर्वाचित हो कर कार्य किया। साथ ही विकास खंड फिन्गेश्वर के नेहरु युवा मंडल का प्रथम ब्लाक अध्यक्ष बना।
इसी दरम्यान मैनें मिनी पी एस सी परीक्षा पास किया और उपसरपंच पद से इस्तीफा देकर 15 जुलाई 1987 को स्वतंत्रता सेनानी ग्राम कौन्दकेरा में शासकीय प्राथमिक कन्या शाला में उपशिक्षक पद पर पदस्थ हुआ। इस प्रकार मैं उपसरपंच से उपशिक्षक बना। मेरे लिए यह खुशी की बात है कि मैनें जुलाई 1987 से लेकर अप्रैल 2023 तक 36 साल कौन्दकेरा में ही शिक्षकीय सेवाएं देकर सेवानिवृत्त हुआ। इस 36 साल को मैं अपने जीवन का स्वर्णिम काल कहूँ तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी।
आपको बताना चाहूंगा कि 36 वर्षों के शिक्षकीय सेवाकाल में मैंने विभागीय अनुमति लेकर 1992 में दुर्गा महाविद्यालय रायपुर से इतिहास में एम ए और 2004 में सेठ फूलचंद कालेज नयापारा से हिन्दी साहित्य में एम ए की डिग्री प्राप्त किया। 2009 – 10 में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के मार्गदर्शन में सामुदायिक सहभागिता संदर्शिका पुस्तक लेखन किया। इस पुस्तक के कव्हर पेज में मेरे गीत को स्थान मिला। इसी कड़ी में मानव अभ्युदय संस्थान अछोटी दुर्ग से जीवन विद्या का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण लिया।
जीवन विद्या अर्थात शाश्वत जीवन जीने की कला का प्रशिक्षण मैंने छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों बीजापुर, बस्तर दंतेवाडा़ खैरागढ़ आदि डाईट में रहकर वहाँ के छात्राध्यापकों को दिया। साथ में अंकों से अक्षर बनाने का शैक्षिक नवाचार भी सिखाया। इस मौलिक नवाचार के लिए मुझे 2006 में नेशनल इनोवेशन कान्फ्रेंस लोनावाला महाराष्ट्र में सर रतन टाटा इनोवेटिव टीचर अवार्ड मिला है।
अंततः कहना चाहूँगा कि मैं शिक्षक होकर भी एक जिज्ञासु विद्यार्थी की तरह अध्ययन अध्यापन करते रहा। मैं इस बात को सत्य मानता हूँ कि जो भी इंसान शिक्षा का सम्मान करता है शिक्षा भी उसे संसार में सम्माननीय बना देता है। शिक्षा दीक्षा का महत्व युगों से चल रहा है। हमारे माता पिता ने भी शिक्षा के महत्व को जाना। और आज हमें इस ऊँचाई तक पहुंचा दिए। हम कई जन्मों तक अपने भाग्य विधाता मात – पिता , मार्गदर्शक गुरुजनों और जन्मभूमि के ऋणी रहेंगे।
अब शासकीय सेवा से रिटायर होने के बाद मैंने पत्रकारिता और फिल्म स्क्रिप्ट राइटिंग डिप्लोमा कोर्स किया । वर्तमान में मैं प्रेस मीडिया पत्रकार कल्याण संघ सामाजिक प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हूँ।
इसी तरह मुझे नवम्बर 2022 में मुंबई में श्री दादा साहेब फिल्म अवार्ड भी मिला । क्योंकि मेरे लिखे हुए गीतों को विश्व विख्यात भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा, पद्मश्री अनुराधा पौडवाल, पद्मश्री सुरेश वाडेकर, अमेरिकन सिंगर वंदना श्रीवास्तव, साधना सरगम, ऐश्वर्या पंडित जैसे नामचीन सिंगरों ने गाया है। जिसे वर्ल्ड फेमस टी सीरीज मुंबई ने अपने चैनल में रिलीज किया है।
आगे बताना चाहूँगा कि शिक्षा विभाग में मुझे प्रधान पाठक, संकुल समन्वयक एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर के रुप में कार्य करने का, अपनी साहित्यिक भावनाओं को उन तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर मिला।
सवाल 2. लेखन की ओर कब कैसे आकृष्ट हुए और पहली रचना कब कैसे रची गई ? क्या किसीने प्रोत्साहित किया अथवा स्वतः आत्म प्रेरित हुए ?
जवाब 2 – मुझे पहिली रचना याद तो नहीं है। क्योंकि 55 साल पहले गाँवों की तस्वीर आज से बहुत भिन्न थी। उस समय टीवी वीडियो मोबाइल फोन आदि कुछ भी नहीं था। तब हमारे मुहल्ला के भंगाराम चौक में सियान लोग शाम को लालटेन जलाकर रामायण पढ़ते थे।भंगाचौक में रामायण की शुरुआत 1940 से हुई है। हम सब बच्चे रामायण सुनने जाते थे। उम्र बढ़ने के साथ साथ सत्संग का प्रभाव पड़ने लगा। मैं रामायण के प्रसंगों पर दो चार लाइन के भजन बनाने का अभ्यास किया। बचपन की यह आदत स्वतः आत्मप्रेरित था।
सवाल:3. आपकी पहली रचना कब, कहाँ से प्रकाशित हुई ? प्रसन्नता तो हुई होगी ? पहली अनुभूति कैसी रही ?
जवाब : 3 – मैंने पहिली रचना सन् 1984 में अपने पूज्य पिताजी स्वर्गीय अलखू राम देवदास की स्मृति में लिखा। जिसका शीर्षक था ‘अर्थी अरमान की ‘
नन्हें फूलों के कंधों पर, अर्थी उठी अरमान की।
फूल फिर भी ऋणी है, जाने वाले मेहमान की।।
इस रचना का भाव सौंदर्य यह है कि हमारे पिता जी परिवार रुपी बगिया के माली थे। हम दोनों भाई उस बगिया के नन्हें फूल थे। हमारे सुनहरे भविष्य के प्रति उनके दिल में जो अरमान था उसे देखने से पहले ही उनके अरमान की अर्थी हम नन्हें फूलों के कंधों से उठी ।
मैंने अपने लेखन के प्रारंभिक दौर में छोटी – छोटी रचनाओं के प्रकाशन पर ध्यान नहीं दिया। बल्कि संग्रह करके पुस्तक प्रकाशित करने पर ध्यान दिया। फलस्वरूप 2001 में मेरी कृति मानस मंथन की ओर प्रकाशित हुई। इसका विमोचन कोपरा के मानस गान प्रतियोगिता मंच पर संत कवि पवन दीवान जी ने किया। इसे डी के प्रिंटर्स राजिम से छपवाया था। इसके प्रकाशन से मुझे बहुत प्रसन्नता हुई। इस पुस्तक को कुछ मानस मंडली वालों ने खरीदा। उससे जो राशि प्राप्त हुई उसे मैं मुख्य मंत्री भूकंप राहत कोष में जमा कर दिया। इससे लेखन धर्मिता के प्रति मेरी नई धारणा बनी और 2002 में इसके दूसरे भाग का भी प्रकाशन हुआ।
सवाल:4. कौन- कौन सी पत्र पत्रिकाओं में आपकी रचनाएं छ्प चुकी है ? इस पर पाठकों की प्रतिक्रियाएं कैसी रही ?
जवाब:4 मेरी रचनाएं देश के अनेक समाचार पत्र पत्रिकाओं में छप चुकी है। जिसे सुधि पाठकों ने बहुत पसंद किया। पाठकों की प्रेरणा से ही मुझे कुछ और नया रचने की ऊर्जा मिलती है।अर्थात एक कलमकार के लिए पाठक गण बिजली के ट्रांसफार्मर की तरह है।
सवाल:5. साहित्य के क्षेत्र में आप कबसे जाने-पहचाने जाने लगे ? अर्थात आपको एक नई पहचान मिली ।
जवाब:5. साहित्य के क्षेत्र में मेरी अभिरुचि विद्यार्थी जीवन से रही। पर 1987 में शिक्षक बनने के बाद विद्यालय स्तर पर प्रकाशित पत्र पत्रिकाओं के संपादन का दायित्व मिला। फिर 2001 में स्वयं के पुस्तक ‘ मानस मंथन की ओर ‘ प्रकाशित किया। मुझे यहीं से साहित्य सेवा के क्षेत्र में एक नई पहचान मिली। जिसका जिक्र मैनें आपके सवाल क्रमांक 3 में किया है।
सवाल:6. किन किन विधाओं में आपकी रचनाएं उपलब्ध है ? वास्तव में किस विधा में आपको सफलता अधिक मिली है ?
जवाब:6. मेरी रचनाएं गीत ,कविता , कहानी , महापुरुषों की जीवनी, ऐतिहासिक और दर्शनीय स्थलों के आलेख , नवाचार आदि अनेक विधाओं में उपलब्ध है।
आकाशवाणी रायपुर से मेरी चार छत्तीसगढी बाल कहानी -1 आसबती के आस 2 आरती अऊ भारती 3 सुखिया के सुरता 4 दुकालू के पीरा आदि का प्रसारण हुआ है।
इसी प्रकार दूरदर्शन केन्द्र रायपुर से हमर पहुना कार्यक्रम में शैक्षिक नवाचार पर आधारित परिचर्चा का दो बार प्रसारण हुआ।
अपके सवाल के अनुसार मुझे गीत लेखन विधा में सर्वाधिक सफलता मिली है। जिसका एक ज्वलंत उदाहरण है 12 अक्टूबर 2024 दशहरा के दिन विश्व विख्यात टी सीरीज मुंबई ने मेरे गीत कौशल्या के राम को अपने चैनल पर रिलीज किया । इस गीत को अमेरिकन सिंगर वंदना श्रीवास्तव और बॉलीवुड सिंगर पद्मश्री सुरेश वाडेकर गाए हैं।
सवाल:7. कभी साहित्य में या साहित्य से आत्मसंतोष मिला है ? अथवा कोई गहरा अफसोस ?
जवाब:7 – मेरा मानना है कि साहित्य से आत्मसंतोष तो मिलता ही है। क्योंकि साहित्य शब्द के अंदर ही हित शब्द समाहित है। वह हित चाहे स्व हित हो या पर हित हो। यह साहित्यकार के साहित्य धर्मिता पर निर्भर करता है कि उनकी लेखनी स्वहित पर चलती है या परहित पर।
अमूमन देखा गया है कि हमारे देश के श्रेष्ठ साहित्य परहित या समाज हित में ही सृजित है। इससे लगता है कि परहित में साहित्य सृजन करना ही साहित्यकार का सबसे धर्म है। मैंने इस तथ्य को प्रयोग करके देखा । जिससे मुझे आत्मसंतुष्टि मिली । इसके समर्थन में गोस्वामी तुलसीदास जी की वो पंक्ति देना चाहूँगा –
पर हित सरिस धरम नहीं भाई।
पर पीड़ा सम नहीं अघमाई।।
इसका भावार्थ यह है कि दूसरों के हित करने से बड़ा कोई धर्म नही है। और दूसरों के अहित करने से बड़ा कोई पाप नहीं है ।
इसी प्रकार साहित्य के क्षेत्र में अफसोस तब होगा जब साहित्यकार का आचरण साहित्य के अनुरूप नहीं होगा। अर्थात उनका उद्देश्य केवल दूसरों को उपदेश देने तक सीमित होगा । –
पर उपदेश कुशल बहुतेरे।
सवाल:8. किसे आप अपना आदर्श मानते हैं ? और किन किन साहित्यकारों का आपको सान्निध्य मिला ? किसी से मिलने की खास तमन्ना है ?
जवाब:8 मैं स्वामी विवेकानंद को अपना आदर्श मानता हूँ। स्वामी विवेकानंद ने अपने बचपन के दो वर्ष छत्तीसगढ़ में बिताए हैं। साहित्यकार और इतिहासकार मानते है कि यदि भारत को जानना है तो पहले स्वामी विवेकानंद को जानना होगा।
मुझे अपने साहित्यिक यात्रा में अनेक प्रख्यात साहित्यकारों का सान्निध्य मिला। जिसमें प्रमुख है संत कवि पवन, स्वामी कृष्णा रंजन , डाॅ परदेशी राम वर्मा, डाॅ सत्यभामा आडिल, डाॅ चितरंजन कर मुझे कालेज में और साहित्यकार रवि श्रीवास्तव जी मिडिल स्कूल में पढा़ए है । इसी प्रकार राष्ट्रपति पुरस्कृत सीताराम साहू श्याम, जगदीश देशमुख वागार्थ एवं अनेक साहित्यकारों का सतत मार्गदर्शन मिल रहा है।
सवाल:9. किन किन साहित्यिक संस्थान अथवा मंच से आप सम्बद्ध रहे हैं ?
जवाब:9 मैं हिन्दी साहित्य भारती गरियाबंद – जिलाध्यक्ष, पंचकोशी साहित्य समिति कोपरा – संस्थापक, रत्नाँचल जिला साहित्य समिति – संरक्षक, जनवादी लेखक संघ – संरक्षक, श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ – प्रांतीय उपाध्यक्ष । मम राजीव लोचन जिला मानस संघ गरियाबंद – संस्थापक। राष्ट्रपति / राज्यपाल एवार्डी टीचर फोरम छत्तीसगढ़ – प्रांतीय महामंत्री।श्री सत्य इंदिरा फाउँडेशन – प्रदेशाध्यक्ष आदि । इन विभिन्न साहित्यिक सांस्कृतिक संस्थाओं में कार्य करने से नये – नये आइडियाज आते रहते हैं।
सवाल:10. अब तक कोई विशेष उपलब्धि मिली है ? ऐसा आप मानते हैं ?
जवाब:10 – विश्व प्रसिद्ध कौशल्या माता चंदखुरी रायपुर छत्तीसगढ़ में 2019 में ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव की शुरुआत मेरे जीवन की विशेष उपलब्धि है। यह ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव प्रति वर्ष पितर पक्ष में मनाया जाता है। इसमें राज्य स्तर की मानस मंडलियों, कलाकारों, कवि साहित्यकारों की सहभागिता होती है।
इसके आयोजक माता कौशल्या जन्मभूमि सेवा संस्थान एवं चंदखुरी नगर वासी हैं। कार्यक्रम के संयोजन और संचालन का सौभाग्य मुझे मिला है। इस आयोजन के प्रेरणास्त्रोत के रुप में मुझे 2024 में बस्तर संभाग में मानस दर्शन जीवन अर्पण संघ द्वारा ऐतिहासिक पितर मानस महोत्सव शिल्पी सम्मान से सम्मानित किया गया है। इसके मुख्य अतिथि अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक स्वामी सियाराम शरण महाराज जी थे।
सवाल:11.क्या आप पुरस्कार अथवा सम्मान में विश्वास रखते हैं ? कौन कौन से पुरस्कार या सम्मान से आप नवाजे जा चुके हैं ? कोई विशेष आकांक्षा हो तो बताइए ?
जवाब:11. मैं अपने आत्मविश्वास और स्वाभिमान को ही सबसे बड़ा पुरस्कार व सम्मान मानता हूं। मैं कृतज्ञ हूँ अपने राष्ट्र के प्रति जिसनें शिक्षा के क्षेत्र में मेरे द्वारा किए गए शैक्षिक नवाचार पर 2007 में मुझे राष्ट्रपति पुरस्कार से नवाजे हैं । उसी प्रकार 2020 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी स्मृति सम्मान एवं 50 हजार रुपये की सम्मान राशि देकर नवाजे थे। मुझे अब तक राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय राजकीय और जिला स्तर सैकड़ों पुरस्कार व सम्मान और वर्ल्ड रिकार्ड मिल चुके हैं। मैं सम्मान व पुरस्कार को व्यक्ति की कला कौशल और प्रतिभा का श्रृंँगार मानता हूंँ ।
सवाल:12.. अगले जनम में आप क्या बनना पसंद करेंगे और क्यों ? इस जनम से आप संतुष्ट हैं या नहीं ?
जवाब:12 अगले जन्म में भी मैं शिक्षक बनना पसंद करुँगा। क्योंकि हम शिक्षक बनकर स्वयं को और समाज को आदर्श मार्ग पर ले जा सकते हैं । शिक्षक तो बहुआयामी प्रतिभा के धनी होते हैं। वे अपने को साहित्यकार , गीतकार, इतिहासकार, समाजसेवी आदि अनेक रूपों में ढाल सकते हैं। मैं अपने इस जन्म से पूर्णतः संतुष्ट हूँ। क्योंकि मुझे इस जन्म में सबके आशीर्वाद से अकल्पनीय उपलब्धियाँ प्राप्त हुई है।
सवाल:13. अब तक आपकी कितनी किताबें छ्प चुकी है और कौन- कौन सी व कहां कहाँ से ? आगामी योजना आपकी क्या है ?
जवाब:13 अब तक मेरी 19 किताबें प्रकाशित हो चुकी है। जिसमें प्रमुख है – 1मानस मंथन की ओर 2 थ्री इन वन शैक्षिक नवाचार 3 स्वतंत्रता संग्राम योद्धा पं सुन्दर लाल शर्मा 4 सामुदायिक सहभागिता संदर्शिका 5 राष्ट्रीय आंदोलन और प्रभात भजन के 75 साल 6 छत्तीसगढ़ की बेटी कौशल्या 7 झखमार के सुरता 8 अंतर्राष्ट्रीय संत महर्षि महेश योगी 9 छत्तीसगढ़ के सपूत बेटा पं सुन्दर लाल 10 साहित्यरत्न 11 कौशल्या जन्मभूमि छत्तीसगढ़ 12 साहित्याकाश 13 शब्दों की बगिया 14 छत्तीसगढ़ के ऊर्जावान संत कवि पवन दीवान 15 यादगार शब्दों का सफर 16 कलम मेरी पहचान 17 शैक्षिक सफर के 133 साल 18 कंपन शब्दों का 19 शब्दांँजलि पूर्वजों को। इन पुस्तकों का प्रकाशन वैभव प्रकाशन रायपुर, एच जी प्रकाशन प्रयाग उत्तर प्रदेश, काव्या प्रकाशन भोपाल, गीता प्रकाशन हैदराबाद लखनऊ दिल्ली आदि से प्रकाशित हुई है।
इसी तरह मेरी आगामी प्रकाशनाधीन पुस्तकें है – 1 कला संस्कृति के गढ़ – छत्तीसगढ़ 2 स्वतंत्रता सेनानी पं सुन्दर लाल शर्मा और पं मिलऊ दास कोसरिया 3 पद्मश्री डाॅ राधेश्याम बारले की कला यात्रा 4 गाँव छोटे – टाॅप टेन में बच्चे ।
सवाल:14. प्रकाशन को लेकर कोई सुखद अनुभूति अथवा कटु अनुभव है तो बताइएगा ?
जवाब:14 प्रकाशन को लेकर मुझे बहुत सुखद अनुभूति हुई। मेरी पुस्तक ‘ छत्तीसगढ़ की बेटी कौशल्या , जो शोधपरक आलेखों का विशिष्ट संग्रह है उसे छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के सहयोग से प्रकाशित किया गया और कौशल्या मंदिर चंदखुरी में उसका गरिमापूर्ण विमोचन हुआ। कटु अनुभव यह है कि पुस्तक प्रकाशन में कभी भी हड़बड़ी न करें। क्योंकि हड़बड़ी में गड़बड़ी शामिल हो जाता है ।
सवाल:15. साहित्य मनुष्य के लिए क्या आवश्यक है अथवा एक व्यसन मात्र ?
जवाब:15. साहित्यकारों ने साहित्य को समाज का दर्पण कहा है। इस लिहाज से साहित्य मानव जीवन के लिए बहुत आवश्यक है। साहित्य का सृजन मानव द्वारा मानव हित हेतु किया जाता है। मैं कहना चाहूँगा कि साहित्य तो देश के मानव संसाधनों को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाज में ज्ञान का प्रकाश फैलाते है। इसलिए साहित्य मनुष्य के लिए में आवश्यक है। साहित्य व्यसन या दुर्व्यसन का विषय वस्तु नहीं है।
सवाल:16. आपकी रूचि और किन किन में है ? समय कैसे निकाल पाते हैं ?
जवाब:16 मेरी रूचि नवाचार में है। नवाचार एक ऐसा सशक्त माध्यम है जिसके द्वारा कलमकार समसामयिक विषयों को कलात्मक रूप में अपनी बात पाठकों तक पहुंचा सकते हैं। नवाचार नया दृष्टिकोण देता है।
सवाल:17. जीवन यापन हेतु आप करते क्या हैं ?नौकरी, व्यापार, कृषि या फिर अन्य कोई कर्म ?
जवाब:17. वर्तमान में मैं एक सेवानिवृत्त प्रधान पाठक हूंँ ।
सवाल:18. क्या आप अपने बच्चों को भी अपने जैसे (कवि, लेखक, शायर या साहित्यकार ) बनाना चाहेंगे ? हां तो क्यों और नहीं तो क्यों नहीं ?
जवाब:18. हाँ मैं बच्चों को अपने जैसा ही बनाना चाहूँगा । क्योंकि मुझे अपने जैसे बनने पर जो अनुभव हुआ उस अनुभव के आधार पर बच्चों को बनाना सरल है। लेकिन बनना या ना बनना बच्चों की मानसिकता पर निर्भर है ।
सवाल:19. क्या आप अपने आपको सफल मानते हैं ? हां तो इसका श्रेय किसे देंगे ? यदि सफल नहीं हैं तो वजह क्या है ?
जवाब:19 – अभी तक मैंने निष्ठा और लगन से जो भी किया , जितना किया उसमें मुझे सफलता मिली है। सफलता के लिए मैंने सही समय और सहीं दिशा में कड़ी मेहनत की है । सफलता मेरे लिए एक पडा़व है ठहराव या विराम नहीं। मैं अपनी सफलता का श्रेय श्री रामचरित मानस के उस मूलमंत्र को देना चाहूँगा, जिसमें सागर पार करते समय हनुमान जी ने कहा था –
राम काज कीन्हें बिन , मोहि कहाँ विश्राम ।
सवाल:20. आपको नहीं लगता कि आज की पीढी किताब से दूर भाग रही है ? अर्थात पढने में रूचि कम हो गई है ? इसका कारण क्या हो सकता है ?
जवाब:20. आज की पीढ़ी किताबों से दूर न भागे इसके लिए हमें पाठ्य सामग्री को रुचिकर और समयानुकूल बनाने की आवश्यकता है। इस चिंतनीय मुद्दा पर ही सरकार ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार की है । जिसमें खेल- खेल में शिक्षा पर फोकस किया गया है।
सवाल:21. मनोरंजन के साधनों (टीवी, फेसबुक, इन्टरनेट व मोबाइल ) को आप साहित्य का सहायक मानते हैं या वाधक और कैसे ?
जवाब:21. मनोरंजन के आधुनिक साधनों को हमें साहित्य के सहायक संसाधन के रुप में सदुपयोग करना होगा । क्योंकि ये सभी संसाधन वर्तमान युग की माँग के अनुरुप है। और हमें इसे युग के अनुरूप अपने जीवन शैली में ढालना होगा। ऐसा नहीं करेंगे तो संभवतः हम पीछे रह जाएंगे।
मैं आपके सवाल को इस नजर से भी देखता हूँ कि आदिम युग से लेकर आधुनिक युग तक साहित्य सृजन के क्षेत्र में समय के अनुरुप अनेक परिवर्तन होते रहे हैं। अब यह दौर विश्व डिजिटल साहित्य के रुप में विकसित हो रहा है। भारत सरकार ने इसे डिजिटल इंडिया का नाम भी दे दिया है। इसलिए इन साधनों ने विश्व साहित्य परिवार को आपस में जोड़ दिया है। दूरियाँ कम हो गई है। आप देखेंगे कि फेसबुक, व्हाटसाप इंटरनेट आदि पर इतने अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक मंच बने हैं कि रोज हजारों कविताएं, गीत, आलेख, कहानी आदि प्रसारित हो रहे हैं।एक दूसरे को शेयर कर रहे हैं। हमें गर्व होता है कि छत्तीसगढ़ के गाँवों में रहने वाले अनेक कलमकार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक मंच पर आनलाईन प्रस्तुति दे रहे हैं और बकायदा प्रणाम पत्र ले रहे हैं।
इन संसाधनों के सदुपयोग या दुरुपयोग की जिम्मेदारी उपयोगकर्ता पर निर्भर हैं।
सवाल:22. पाठकों और श्रोताओं की संख्या बढाने हेतु क्या किया जा सकता है ?
जवाब:22 पाठकों और श्रोताओं की संख्या बढ़ाने के आपके सवाल पर मैं अपना व्यक्तिगत उत्तर देना चाहूँगा। मैंने इसके लिए अखिल भारतीय स्तर पर निःशुल्क काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया है । इसमें वरिष्ठ और कनिष्ठ कवि साहित्यकार और विद्यार्थी भाग लेते हैं। उनमें प्रतिभागी विजेताओं को नगद सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाता है । इसी प्रकार सबकी कविताओं को संग्रह करके पुस्तक प्रकाशित करते है। यह सब मैंने स्वयं के खर्च से किया।
निःशुल्क काव्य लेखन प्रतियोगिता का आयोजन 2002 में ग्रामीण स्तर पर था। उसे अखिल भारतीय स्तर पर किया गया। अब तक पाँच प्रतियोगिता हो चुकी है। जिसके विषय विन्दु थे – 1 कौशल्या जन्मभूमि छत्तीसगढ़ 2 छत्तीसगढ़ के सपूत बेटा पं सुन्दर लाल 3 छत्तीसगढ़ के ऊर्जावान संत कवि पवन दीवान 4 गरियाबंद के गौरव गाथा 5 कला संस्कृति के गढ़ – छत्तीसगढ़ । इस अभियान से पाठकों और श्रोताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।
इसमें अतिथि और निर्णायक की भूमिका में वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ परदेशी राम वर्मा, राष्ट्रपति पुरस्कृत प्राचार्य सीताराम साहू श्याम, श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश देशमुख , मीर अली मीर, डाँ पीसी लाल यादव आदि का मार्गदर्शन मिलता है।
सवाल:23. साहित्य का भविष्य उज्जवल है या अंधकार ? क्या किया जाना चाहिए ?
जवाब:23.साहित्य का भविष्य उज्जवल है। इसका विस्तार से उत्तर आपके सवाल क्रमांक 21 में डिजिटल इंडिया और नित नए नवाचार के रुप में दिया गया है।
सवाल:24.अगर आप बुरा न मानें साहब तो एक निजी सवाल पूछूं … आपको पहले प्यार का पहला अहसास कब और कैसे हुआ ? क्या आप उस अहसास को अब भी अपने दिल में महसूस कर पा रहे हैं ? इस से कोई कालजयी रचना हो तो बताइए ?
जवाब:24 प्यार तो मानव जीवन का अनमोल खजाना है। मैं उस प्यार रुपी खजाने को पाने के लिए साहित्य के शरण में गया। साहित्य ने मुझे यह नया रास्ता दिखाया। अर्थात साहित्य ने मुझे अपने आप से और अपने हुनर से प्यार करना सिखाया। फिर मैं अपने हुनर के प्यार में इतना डूब गया कि शादी करना ही भूल गया।
प्यार का यह पहला अहसास आज भी अविस्मरणीय है। क्योंकि अपने आप से किया हुआ प्यार अन्य प्यार की तरह न टूटता है और न ही रुठता है। मुझे अपने अंदर छिपी हुई प्रतिभा ने, अपनी कला कौशल ने और अपने हुनर ने नवाचार करना सिखाया। शायद जिंदगी में अविवाहित रहकर सबके साथ प्रेमपूर्वक जीना मेरे लिए सबसे बड़ा नवाचार है। वसुधैवकुटुंबकम जीवन का मूलमंत्र है। गरीब और दिव्यांग बच्चों को सहयोग देना आत्म संतुष्टि है।
हमारे शुभ चिंतक भी खुले दिल से इस बात को स्वीकार करते हैं कि आपकी उपलब्धि और प्रसिद्धि का बहुत बड़ा कारण अविवाहित जीवन है।