कलेक्टर विकास मिश्रा ने आज बिछिया आरोग्यम केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया

अमरपुर ब्लॉक से ब्लॉक रिपोर्टर सतीश कुमार यादव
डिंडौरी, 02 अगस्त 2024
कलेक्टर विकास मिश्रा ने आज बिछिया आरोग्यम केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार शैलेश गौर और बीएमओ सत्येंद्र परस्ते उपस्थित रहे। कलेक्टर मिश्रा ने बिछिया में बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि के बारे में जानकारी ली, उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्य को शीघ्र शुरू करने के लिए लेआउट के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर मिश्रा ने क्षेत्र में प्रसारित डायरिया के मामलों का मुआयना किया। उन्होंने डायरिया नियंत्रण के लिए किये जा रहे प्रयासों के बारे में बीएमओ से जानकारी ली।
कलेक्टर विकास मिश्रा ने डायरिया प्रभावित ग्राम देवरीकला का निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से घर घर जाकर मिले, उनके स्वास्थ्य और इलाज के बारे में पूछा। कलेक्टर मिश्रा ने स्वास्थ्य टीम को निर्देश दिए कि रोगियों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। समय पर उपचार सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। बीएमओ शहपुरा ने बताया कि क्षेत्र में डायरिया के मामले नियंत्रण में है और रोगियों को उचित उपचार प्रदान किया जा रहा है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्वच्छता बनाये रखने के निर्देश दिए।