नाबालिक के साथ बार-बार गलत काम करने वाले आरोपी पिता को दोहरा आजीवन सश्रम कारावास व जुर्माने से दण्डित किया

न्यायालय विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो एक्ट जबलपुर के द्वारा आरोपी पिता को थाना अधारताल के अपराध क्रं. 619/2018 व न्यायालय के विशेष प्रकरण क्रमांक (एस.सी.) 163/2018 अंतर्गत 376(2)(आई) भादवि में आजीवन सश्रम कारावास व 5000 रूपये अर्थदण्ड तथा धारा 376(2)(एफ) भादवि में आजीवन सश्रम कारावास व 5000 रूपये अर्थदण्ड से दंडित किया।
घटना संक्षेप में इस प्रकार है कि, उत्तरजीवी ने थाना उपस्थित होकर इस आशय की रिपोर्ट लेखबद्ध कराई कि, वह अपने पिता तथा भाई के साथ किराए के मकान में रहती है। वर्ष 2015 में करंट लगने से उसकी मां की मृत्यु हो गई। मां की मृत्यु के कुछ दिन बाद ही उसके पिताजी ने रात के समय घर के अंदर शराब के नशे में उसके और खुद के कपड़े उतार कर जबरदस्ती दो तीन बार गलत काम बलात्कार किया था और उत्तरजीवी से बोला कि, किसी से बताना मत नही तो वह उसे मार डालेगा डर के कारण उसने यह बात किसी को नही बतायी। उसके पिताजी उसे व उसके दोनों भाईयो को लेकर उसकी नानी के गांव लेकर गये वहां सभी को किराये के मकान में रखा और वहां पर भी कई बार उसके पिताजी ने उसके साथ गंदा काम बलात्कार किया। करीब 5-6 महीने पहले उसके पिताजी उन सभी को साथ लेकर वापस जबलपुर आकर दादी के साथ घर में रहे और पन्द्रह बीस दिन पहले ही वह किराये का घर लेकर रहने लगे तभी दो दिन पहले दिनांक 15.07.2018 की रात को उसके पिताजी ने उसके और अपने कपड़े उतार कर शराब के नशे में उत्तरजीवी के साथ गलत काम बलात्कार किया। उक्त सूचना के आधार पर आरक्षी केन्द्र, अधारताल, जिला जबलपुर द्वारा आरोपी पिता के विरुद्ध अपराध कमांक 619/2018 अंतर्गत भा.द.वि. की धारा 376 ए.बी, 376(2)(एफ.), 376(2)(आई), 376(2)(एन), 506 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 3, 4, 5एम, 5एन, 5ओ. एवं 6 के अधीन अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया जिसकी विवेचना उपनिरीक्षक विजय कुमार सराठे द्वारा की गई। विवेचना उपरांत अभियोग पत्र विचारार्थ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। अतिरिक्त जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती स्मृतिलता बरकडे द्वारा उक्त मामले में सशक्त पैरवी की गई।
श्रीमती स्मृतिलता बरकडे अतिरिक्त जिला लोक अभियोजन अधिकारी के तर्को से सहमत होते हुये विशेष न्यायाधीश पाॅक्सो एक्ट जबलपुर के न्यायालय द्वारा आरोपी पिता को थाना अधारताल के अपराध क्रं. 619/2018 व न्यायालय के विशेष प्रकरण क्रमांक (एस.सी.) 163/2018 अंतर्गत 376(2)(आई) भादवि में आजीवन सश्रम कारावास व 5000 रूपये अर्थदण्ड तथा धारा 376(2)(एफ) भादवि में आजीवन सश्रम कारावास व 5000 रूपये अर्थदण्ड से दंडित किया।
भगवत उईके
मीडिया सेल प्रभारी/
सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी
जिला-जबलपुर