नवरात्रि-दशहरा को लेकर डीएम ने आयोजकों के साथ की बैठक, अश्लील कार्यक्रमों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

0 38

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के बिस्मिल सभागार में कार्यक्रम आयोजकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने आयोजकों की समस्याएं और सुझाव सुनते हुए अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी कराने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने कहा कि नवरात्रि शुरू होने से पहले मंदिरों और आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, विद्युत तारों की मरम्मत, मार्गों की व्यवस्था समेत अन्य तैयारियां पूरी कर ली जाएं। अधिकारियों को आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश भी दिए।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि मेलों में पंडाल और झूले लगाने के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। विद्युत और अग्निशमन विभाग समेत संबंधित विभागों की अनुमति के बाद ही आयोजन किए जाएं।

 

धार्मिक आयोजनों में अश्लील नृत्य पर सख्ती

 

जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों और मेलों में किसी भी तरह का अश्लील नृत्य नहीं होना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रमों को श्रद्धा और गरिमा के साथ आयोजित करने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने तहसील और थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कराने को भी कहा। पुलिस अधीक्षक ने आयोजकों को नियमानुसार प्रशासन से अनुमति लेने की अपील करते हुए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की बात कही।

 

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, एएसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे, एएसपी नगर देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकार यातायात रणवीर सिंह समेत अन्य अधिकारी और कार्यक्रम आयोजक मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment