टांडा में राम नवमी पर भव्य शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

0 109

टांडा (अंबेडकर नगर)। विक्रम संवत 2083 चैत्र शुक्ल नवमी के पावन अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री रामचंद्र जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नव संवत्सर स्वागत समारोह समिति टांडा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा श्री राम रंगमंच चौक से धूमधाम और बाजे-गाजे के साथ प्रारंभ हुई, जिसमें प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप में उदय प्रताप सिंह आकर्षण का केंद्र रहे।

शोभायात्रा का नेतृत्व अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल, उपाध्यक्ष सरदार त्रिलोक सिंह, संतोष कुमार अग्रवाल, महामंत्री दिनेश नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार साहू सहित दीपक केडिया, दिलीप खेतान, कमल कपूर, जगदीश प्रसाद वैद्य, अनिल सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने किया।

यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। श्री गुरुद्वारा सिंह सभा के समक्ष ग्रंथी सरदार अमरजीत सिंह एवं सहयोगियों ने प्रसाद व शीतल जल से स्वागत किया। वहीं झारखंड महादेव मंदिर छज्जापुर, नवदुर्गा मंदिर फत्तु पट्टी, मीरापुर व मीरानपुरा सहित अन्य स्थानों पर पुष्प वर्षा, आरती और प्रसाद वितरण के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सब्जी मंडी, कपड़ा मंडी, पिपलेश्वर महादेव मंदिर एवं श्री मठिया माता मंदिर पहुंची और अंत में चौक स्थित पुलिस बूथ के पास समाप्त हुई, जहां सुसज्जित हवन कुंड में भव्य हवन और महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती का संचालन पंडित काशी नाथ मिश्रा, दिनेश कश्यप व रविंद्र सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

अंत में समिति के अध्यक्ष आनंद कुमार अग्रवाल एवं महामंत्री दिनेश नारायण सिंह ने आयोजन में सहयोग करने वाले नगरवासियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा कर्मियों व नगर पालिका कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया और नव संवत्सर स्वागत समारोह को अगले वर्ष तक के लिए स्थगित करने की घोषणा की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment