सिंगरौली जिले के मेडिकल कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होते ही पहले दिन तीन राज्यों के 5 छात्रों ने लिया दाखिला लिया विधायक और कलेक्टर ने किया स्वागत,

सिंगरौली मेडिकल कॉलेज में 23 सितंबर यानी आज से एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन तीन राज्यों के पांच छात्रों ने प्रवेश लिया। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह और कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने छात्रों का माला पहनाकर स्वागत किया।
विधायक रामनिवास शाह ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया। चितरंगी के आदिवासी क्षेत्र से आए यश कुमार ने कहा कि सिंगरौली में मेडिकल कॉलेज खुलने से उन्हें प्रवेश मिल पाया है। गरीब परिवार से होने के कारण अन्यत्र मेडिकल की पढ़ाई संभव नहीं थी।
इन स्टूडेंट्स ने लिया प्रवेश
कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में कॉलेज में 100 सीटें हैं। प्रयास किया जा रहा है कि 50 सीटें और बढ़ाई जाएं। पहले दिन हरियाणा से अनुराग, राजस्थान से अभिलाष और तामिका, मध्य प्रदेश के सतना से तस्मिया और चितरंगी से यश कुमार ने दाखिला लिया।
कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द बेहतर किया जाएगा। अगले वर्ष तक मेडिकल कॉलेज पूरी तरह से सुव्यवस्थित हो जाएगा, जिसका लाभ सिंगरौली जिले के लोगों को मिलेगा।