शाहजहांपुर में उपनिरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय निरीक्षक पद पर पदोन्नत

एसपी ने वर्दी पर स्टार लगाकर दी शुभकामनाएं, कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की
मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर में तैनात उपनिरीक्षक यातायात विनय कुमार पाण्डेय को विभागीय प्रक्रिया के तहत निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर पुलिस कार्यालय में सम्मानित किया गया। बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर और क्षेत्राधिकारी यातायात की उपस्थिति में उनकी वर्दी पर स्टार लगाकर पदोन्नति की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने विनय कुमार पाण्डेय के सेवाकाल और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में भी पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
एसपी ने कहा कि पदोन्नति केवल दायित्वों में वृद्धि नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को और अधिक निष्ठा एवं जिम्मेदारी से निभाने का अवसर भी है। परिश्रम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से हासिल की गई उपलब्धियां अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती हैं।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नवपदोन्नत निरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय को बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।