पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार गिरी, चाचा-भतीजे की मौत

0 11

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना पुवायां क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पड़ोसी के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से एक मकान उसकी चपेट में आ गया। हादसे में चाचा और भतीजे की मौत हो गई, जबकि भतीजे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अरविंद ई-रिक्शा चलाते हैं। वह अपनी पत्नी काजल, तीन वर्षीय इकलौते बेटे आरव और 25 वर्षीय छोटे भाई राजन के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे राजन और उनका भतीजा आरव कमरे में सो रहे थे, जबकि काजल मकान के दूसरे हिस्से में थीं।

 

इसी दौरान पड़ोसी राजाराम के कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर अरविंद के मकान के लेंटर पर जा गिरी। दीवार का भार मकान नहीं सह सका और पूरा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में राजन, आरव और काजल दब गए।

 

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आरके रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजन और तीन वर्षीय आरव की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल काजल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

 

एक ही परिवार में चाचा-भतीजे की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment