पुलिस मुठभेड़ में ₹10 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

0 9

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। थाना जैतीपुर पुलिस ने लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे ₹10 हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूट का मोबाइल फोन, पाजेब, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

 

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा ने बताया कि , 16 अगस्त की रात थाना जैतीपुर पुलिस मरुआझाला पुलिया पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुआंडांडा की ओर से मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने वापस भागने का प्रयास किया। आरोप है कि पुलिस द्वारा रोकने के लिए ललकारे जाने पर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

 

पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर के रूप में हुई। उसका साथी शिवम मौके से फरार हो गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी जैतीपुर भेजा गया।

 

पुलिस ने चंदन के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन और ₹2,040 नकद बरामद किए जाने की जानकारी दी है। इसके अलावा लूट से संबंधित सफेद धातु की एक जोड़ी पाजेब भी बरामद हुई है ।

 

कई जिलों में लूट की घटनाओं में संलिप्तता का दावा

 

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, अभियुक्त ने अपने साथियों मोहित, सचिन और शिवम के साथ मिलकर 17 जुलाई की रात जैतीपुर-नवादा मोड़ के बीच हनुमान मंदिर से आगे एक दंपत्ति से लूट की घटना करना स्वीकार किया। पुलिस का कहना है कि लूट में मिले सामान को बेचकर रकम आपस में बांट ली गई थी और पाजेब की एक जोड़ी चंदन ने अपने पास रख ली थी।

 

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभियुक्त ने फतेहगंज पूर्वी, कासगंज, कम्पिल और एटा क्षेत्र में भी लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। उसके साथी मोहित और सचिन को एटा के थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की जानकारी भी दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार चंदन के खिलाफ शाहजहांपुर सहित कई जनपदों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। जैतीपुर थाने में उसके खिलाफ लूट तथा पुलिस मुठभेड़ से संबंधित धाराओं में भी मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

 

गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार उपचार के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार साथी शिवम की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।

 

गिरफ्तार करने वाली टीम: थानाध्यक्ष रामेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक इतेश तोमर, हेड कांस्टेबल अजय राना, हेड कांस्टेबल तैय्यब अली, कांस्टेबल नवीन कुमार, अंकुर कुमार, अरविन्द कुमार, भानू और विजय शामिल रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment