कोतवाली पुलिस ने शासकीय नापतौल कार्यालय चोरी का किया खुलासा
₹2.50 लाख के पीतल के तराजू, बाट व मापक उपकरण बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

सीधी। शासकीय नापतौल कार्यालय में हुई चोरी का थाना कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी गए करीब ₹2.50 लाख कीमत के पीतल के तराजू, बाट एवं मापक उपकरण बरामद किए हैं। मामले में पुलिस ने रवि साकेत (22), निवासी पड़रा बस्ती, जमोड़ी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 की शाम कार्यालय बंद होने के बाद कर्मचारी घर चले गए थे। अगले दिन 11 अगस्त की सुबह कार्यालय के मुख्य द्वार, चैनल गेट, हॉल और प्रयोगशाला के ताले टूटे मिले। जांच में प्रयोगशाला से 50 एवं 5 किलोग्राम क्षमता के पीतल के तराजू, विभिन्न भार के पीतल के बाट, लीटर मापक यंत्र तथा एक मीटर लंबी पीतल की मापक रॉड चोरी होना पाया गया।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने संदेही रवि साकेत पिता जगमोहन साकेत को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी गया शासकीय नापतौल का सामान बरामद किया गया।
₹2.50 लाख का माल बरामद
बरामद सामग्री में 50 किलोग्राम क्षमता के पीतल के तराजू के बीम, स्टैंड एवं पलड़े, 5 किलोग्राम क्षमता के तराजू के हिस्से, विभिन्न भार के पीतल के बाट तथा पीतल के लीटर मापक यंत्रों के भाग शामिल हैं। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत ₹2,50,000 बताई गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
प्रकरण के खुलासे में उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक अब्दुल, प्रधान आरक्षक बालेन्द एवं आरक्षक प्रवीण की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक सीधी ने टीम की तत्परता एवं उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।