अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाही सीधी पुलिस शिकंजा, चार वाहन जब्त

सीधी | 21 मार्च 2026
जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देशन एवं श्री कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में प्रभारी खनि निरीक्षक श्री देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में की गई।
खनिज दल द्वारा कुसमी, मड़वास, मझौली और रामपुर नैकिन तहसील क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। 20 मार्च की देर रात ग्राम कुसमी स्थित गोपद नदी के पास दो टाटा 407 वाहन (क्रमांक MP53GA2418 एवं MP53GA2226) को रोका गया। जांच के दौरान वाहन चालकों द्वारा रेत से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इस पर दोनों वाहनों को करुणानिधि मिश्रा (ग्राम भगवार) और शनि तिवारी (ग्राम बड़वाही) के कब्जे से जब्त कर थाना कुसमी पुलिस के सुपुर्द किया गया।
इसी तरह कुसमी-भदौरा मार्ग (तहसील मड़वास) पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली (MP53ZD0705) और एक हाईवा (MP53HA2184) को अवैध रेत परिवहन करते पकड़ा गया। चालक शिवम कुमार साहू (गुड्डूवाधर) और रामसुंदर पनिका (पड़री) द्वारा भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके चलते दोनों वाहनों को जब्त कर थाना मड़वास और टिकरी चौकी में रखा गया।
खनिज विभाग ने बताया कि सभी संबंधित वाहन चालकों और स्वामियों के खिलाफ म.प्र. खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।